Gonda News: नहर में बोलेरो गिरने से 11 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, 4 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। पृथ्वीनाथ मंदिर जा रही श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर सरयू नहर में गिर गई।
यह हादसा इटियाथोक थाना क्षेत्र के रेहरा गांव के पास हुआ। बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से 11 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
हादसे का शिकार हुई बोलेरो गाड़ी मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव निवासी प्रह्लाद गुप्ता की थी। वह अपने परिवार और मित्रों के साथ बोलेरो से पृथ्वीनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
जैसे ही गाड़ी पारासराय-अलावल देवरिया मार्ग पर रेहरा गांव स्थित सरयू नहर पुल के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।

बचाव अभियान जारी, प्रशासन मौके पर
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष इटियाथोक केजी राव ने बताया कि नहर से अब तक 11 शव बरामद किए गए हैं और चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। स्थानीय गोताखोरों और रेस्क्यू टीम की मदद से राहत कार्य जारी है।
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान की जा रही है। सभी मृतक एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

