Gonda News: केंद्रीय मंत्री के गृह क्षेत्र में दलितों पर दबंगों का कहर, न्याय के लिए भटक रहे पीड़ित

Gonda News: केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के गृह क्षेत्र मनकापुर में दलितों के साथ अन्याय का मामला सामने आया है। यहां ग्राम पंचायत दतौली में 18 साल पहले भूमिहीन दलितों को खेती के लिए जो जमीन पट्टे पर दी गई थी, उस पर कुछ दबंगों ने जबरन कब्जा कर लिया है। न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़ित परिवार डीएम और एसपी के पास पहुंचे हैं।

पीड़ित रामगोपाल कोरी, ओमप्रकाश और ननकन प्रसाद ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें वर्ष 2007 में गाटा संख्या 119 मि. में एक-एक बीघा जमीन का पट्टा मिला था। वे इस जमीन पर खेती भी कर रहे थे, लेकिन कुछ समय बाद जब वे खेती नहीं कर पाए तो पास के दबंगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया।

दबंगों पर लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित दलितों का आरोप है कि पारसनाथ मिश्रा और विपिन मिश्रा ने दबंगई के बल पर उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। उनका आरोप है कि जनवरी 2025 में विपिन मिश्रा ने एक महिला की जमीन को अपने सहयोगी हरदीन के नाम बैनामा करा लिया। इसके साथ ही, बुजुर्ग रामगोपाल की जमीन को भी तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों से मिलीभगत करके धोखाधड़ी से हरदीन के नाम दर्ज करा दिया गया।

रामगोपाल कोरी ने बताया कि जब वे अपनी जमीन पर जाते हैं, तो दबंग उन्हें जातिसूचक गालियां देते हैं और जान से मारने की धमकी देकर भगा देते हैं। इससे वे बहुत डरे हुए हैं। पीड़ितों ने अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की है और अपनी जमीन वापस दिलाने के साथ-साथ इस धोखाधड़ी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Also Read: CM योगी ने लखनऊ में किया चौथे गोमती बुक फेस्टिवल का उद्घाटन, युवाओं को दी ये सलाह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.