Gonda News: शहर से लेकर गांवों तक पुलिस-पब्लिक का पहरा, फिर भी दहशत कायम
जिलेभर में रात 12 से 04 बजे तक गश्त पर खाकी, एसपी ने खुद संभाल रखी है कमान
Gonda News: रात में ड्रोन उड़ाने की शरारती हरकत के बाद चोरों की दहशत लोगों के दिलो-दिमाग में इस कदर बैठी कि रातों की नींद और दिन का चैन छिन गया। शहर के मोहल्लों से लेकर गांवों की गलियों, सड़कों तक लोग लाठी-डंडे लेकर पहरा दे रहे हैं। रात 12 बजे से भोर 4 बजे तक जिलेभर में पुलिस सड़कों पर गश्त कर रही है। इसके बाद भी न चोरी की वारदातें थम रही हैं और न ही लोगों के दिलो-दिमाग में समाया चोरों का खौफ।

बंधक बनाकर की लूटपाट
जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के के आजाद नगर में 15 सितंबर की शाम छह बजे निजी स्कूल की शिक्षिका सीमा शुक्ला के घर में तीन बदमाश घुस गए और उनके गले पर चाकू रखकर नथुनी व मंगलसूत्र लूट ले गए। सूचना पर सीओ तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह व कोतवाल कमलाकांत त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। सीमा के पति श्रीभगवान शुक्ल ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं धानेपुर के डेबरी कला तिवारी पुरवा गांव की रहने वाली श्रीमती ने आरोप लगाया कि 15 सितंबर की शाम चोरों ने उनके घर में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया। फिर कोई नशीला पदार्थ सुंघाने के बाद बक्से से 25 हजार रुपये की नकदी व जेवर निकालकर भाग गए। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि महिला को होश आने पर पूछताछ की गयी। चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच-पड़ताल की जा रही है।
जिले में बढ़ी चोरी की वारदातें
इटियाथोक के मकदूम पुरवा लखनीपुर के शेषराम यादव ने पुलिस को तहरीर दी, जिसमें बताया कि 15 सितंबर की रात कमरे का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। वहीं दूसरी तरफ, 16 सितंबर की दोपहर खरगूपुर थाना क्षेत्र के महराजगंज बाजार में लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। जिले के कटरा बाजार थाना के नगर पंचायत के वार्ड 11 दलाल टोला निवासी फजिरूननिशा ने बताया कि 15 सितंबर की शाम सात बजे छत के रास्ते से घर में घुसे चोरों ने आलमारी का ताला तोड़ दिया। वह पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो चाकू लेकर उसे दौड़ा लिया।

दो संदिग्धों को ग्रामीणों ने पकड़ा
इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल कोई नुकसान नहीं हुआ है। छानबीन की जा रही है। खोड़ारे थाना क्षेत्र के गौरा चौकी के कोल्ही गरीब निवासी सायमा ने बताया कि 16 सितंबर की सुबह घर में ताला लगाकर मायके गई थी। करीब 12 बजे लौटी तो घर में चोरी होने की जानकारी मिली। सारा सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी खुली थी। चौकी प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना पर छानबीन की जा रही है। ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। वहीं दूसरी ओर, जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के अन्तर्गत में दो संदिग्ध व्यक्तियों को 16/17 सितंबर की रात गांव वालों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए दोनों संदिग्ध व्यक्ति टीटू पाण्डेय पुत्र रामरूप पाण्डेय व हरशेन्द्र मिश्रा पुत्र शिवनाथ मिश्रा निवासी तुर्कपुरवा गौसिहा, थाना कौड़िया जनपद गोण्डा के रहने वाले हैं। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। जिलेभर में ताबड़तोड़ हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर सिर्फ आम आदमी ही दहशत में नहीं है, बल्कि कई क्षेत्रों में लूट व चोरी की वारदातों को लेकर पुलिस भी परेशान नजर आ रही है। रात के सन्नाटे को ग्रामीणों की ‘जागते रहो’ की बुलंद आवाजें लोगों को सुरक्षा का एहसास करा रही हैं या फिर सायरन बजाती पुलिस की गाड़ियां।
संभ्रांत लोगों संग बैठकें कर रही पुलिस
जिले के परसपुर, नवाबगंज, मोतीगंज व अन्य थानों में क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ बैठकें की गयीं। परसपुर थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि गांव-गांव व क्षेत्रवार वाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। इनमें प्रधान, बीडीसी सदस्य, चेयरमैन व सभासदों को जोड़ा गया है। पुलिस हर संदिग्ध पर नजर रख रही है। मोतीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार यादव ने कहा कि रात में 12 से भोर 4 बजे तक पुलिस की टीमें क्षेत्रों में गश्त पर रहती हैं। वे स्वयं हमराहियों के साथ थाना क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस सतर्क और मुस्तैद है।

किसी भी दशा में हाथ में न लें कानून : एसपी
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल यूपी 112 या नजदीकी थाने अथवा चौकी पर दें। पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। किसी भी दशा में कानून अपने हाथ में न लें। एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि रात में पैदल गश्त के साथ ही सभी तरह की सक्रियता बढ़ाई गयी है। किसी को डरने की जरूरत नहीं है।
Also Read: गोरखपुर में जमीनों का गोरखधंधा, जीरो टॉलरेंस का नारा हुआ जीरो: अखिलेश यादव

