Gonda News: एसपी साहब! दुष्कर्म के आरोपी गैंगस्टर पर मेहरबान है नगर पुलिस
बलात्कार मामले में एसपी विनीत जायसवाल के आदेश पर चार साल बाद दर्ज हुआ मुकदमा
Sandesh Wahak Digital Desk: गोण्डा जिले में बच्चों को स्कूल भेजने के बाद घर में अकेली रहने वाली एक महिला ने एक व्यक्ति पर धमकाकर जबरन घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी लेकिन आरोपी के रसूख के चलते मुकदमा नहीं दर्ज किया गया। चार साल बाद फिर मामला पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के सामने पहुंचा। घटना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर लिया लेकिन आरोपी पर मेहरबान है और उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है।

दरअसल, यह वाकया साल 2021 का बताया जाता है। पिछले महीने एक महिला एसपी विनीत जायसवाल के समक्ष पेश हुई और उसने उन्हें प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें कहा कि उसका पति करीब तीन साल से सऊदी अरब में रहकर मेहनत-मजदूरी करता है और वह नगर कोतवाली क्षेत्र में घर पर रहकर बच्चों का पालन-पोषण करती है। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व मुन्नन खां चौराहा निवासी फैजान पुत्र लतीफुर्रहमान के आरा मशीन पर वह लकड़ी लेने गयी थी, जहां फैजान से मुलाकात हुई और उसने हरसंभव मदद व रोजगार दिलाने की बात कहकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
महिला ने कहा कि बच्चों को स्कूल भेजने के बाद वह घर में अकेली ही रहती है। इसलिए फैजान की बातों में आ गई और फरवरी 2021 से उसके अकेलेपन का फायदा उठाकर वह उसके घर आने-जाने लगा। महिला का आरोप है कि इसी बीच घर में अकेली पाकर फैजान ने उसके साथ जबरदस्ती बलात्कार किया। उसने जब विरोध किया और पुलिस में शिकायत की बात कही तो पूरे परिवार को खत्म कर देने और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी। महिला बच्चों और पति के मोह में मजबूर हो गयी, जिसका फायदा उठाकर फैजान बराबर धमकी देते हुए जबरदस्ती उसके घर में घुसकर बलात्कार करता रहा। परेशान होकर उसने अपने पति को सऊदी से बुलाया।

आरोपी ने दी वीडियो वायरल करने की धमकी
जब उसका पति शिकायत करने फैजान के पास आरा मशीन पर गया तो आरोपी ने गालियां देते हुए जान से मारने व वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस पर 25.08.2022 को वह खुद अपने पति के साथ फैजान के पास गयी और इज्जत का हवाला देकर समझाने की कोशिश की लेकिन फैजान ने असलहा निकाल लिया और मारने के लिए दौड़ाया। चूंकि आरोपी फैजान गैंगस्टर भी है। इसलिए डरकर वह वहां से अपने पति के साथ घर चली आई। आरोप है कि फैजान ने पीड़ित महिला के भाई के मोबाइल व इंस्टाग्राम पर जो अश्लील वीडियो था, उसे वायरल कर दिया और ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि 18.03.2025 को दोपहर में अपने बच्चों को स्कूल से लेकर वापस लौट रही थी, तभी अलहुदा स्कूल के पास फैजान मिला और गालियां देते हुए कहा कि मुझसे नहीं मिलोगी तो पुनः वीडियो वायरल कर देंगे।

बलात्कार मामले में एसपी विनीत जायसवाल के आदेश पर चार साल बाद दर्ज हुआ मुकदमा
मार्च महीने में मामला पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के समक्ष पहुंचा, जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने 24.03.2025 को नगर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। हालांकि, एसपी के आदेश के बाद भी पुलिस इस मामले में एफआईआर दर्ज करने से बचती रही। इस पर पीड़िता फिर पुलिस कप्तान से मिली और उन्हें बताया कि आदेश के बाद भी पुलिस मुकदमा नहीं दर्ज कर रही है। इस पर एसपी ने तुरंत नगर कोतवाल को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने 04.04.2025 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कोतवाली नगर के मुन्नन खां चौराहा निवासी फैजान पुत्र लतीफुर्रहमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज तो कर लिया, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के 19 दिन बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। पीड़िता अब दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाल से गुहार लगा रही है लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। इस संबंध में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।
Also Read: पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ लखनऊ के अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, फूंका आतंकवाद का पुतला

