Gonda News: शिक्षक से बदसलूकी, पुलिस कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार दहशत में

Sandesh Wahak Digital Desk: गोंडा जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में मदरसे के एक शिक्षक के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित मौलाना इश्क़ अहमद का आरोप है कि कुछ युवकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न होने से पीड़ित का परिवार डरा हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

20 अगस्त को, मौलाना इश्क़ अहमद गोंडा कचहरी से लौट रहे थे। जब वे झिलाही बाजार में एक चाय की दुकान पर बैठे थे, तभी कुछ अज्ञात युवकों ने उनसे बेवजह उलझना शुरू कर दिया। मौलाना का आरोप है कि युवकों ने उनकी दाढ़ी पकड़ी, टोपी उतार दी और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी कहा कि युवकों ने उन्हें धमकी दी कि वे उन्हें मारकर रेल की पटरी पर फेंक देंगे। मौलाना ने किसी तरह अपनी जान बचाई और घर पहुंचकर मनकापुर कोतवाली में घटना की लिखित शिकायत दी।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

पीड़ित मौलाना इश्क़ अहमद ने बताया कि घटना के एक सप्ताह बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जब इस मामले में पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो कोतवाली के सीयूजी नंबर पर बताया गया कि इंस्पेक्टर मौजूद नहीं हैं। वहीं, सीओ मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

Also Read: सिद्धार्थनगर को मिली ‘केयर मेडीसिटी’ की सौगात, अब त्वचा रोगों का इलाज में मिलेगी सुविधा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.