Gonda News: दूसरी ग्राम पंचायत के बच्चों के मर्जर पर भड़के ग्रामीण, स्कूल में जड़ा ताला

Sandesh Wahak Digital Desk: सरकार के परिषदीय विद्यालयों के मर्जर नीति के विरोध में गोण्डा जिले के शिक्षा क्षेत्र पण्डरी कृपाल तेलियानी उपाध्याय गांव के ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया और विरोध प्रदर्शन किया। दूसरी ग्राम पंचायत से मर्ज किए गए बच्चों को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखने को मिला। गांव वालों के भारी आक्रोश के आगे मौके पर पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी के पसीना छूट गया।

बुधवार को पण्डरी कृपाल क्षेत्र के तेलियानी उपाध्याय गांव में ग्रामीणों का भारी आक्रोश देखने को मिला। सरकार की परिषदीय विद्यालयों के मर्जर नीति का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने गांव के प्राथमिक विद्यालय तेलियानी उपाध्याय में ताला जड़ते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। भारी हंगामे के बीच विद्यालय पहुंचे अध्यापकों में डर का माहौल पैदा हो गया। आनन-फानन में अध्यापकों ने ग्रामीणों के हंगामे की सूचना अपने उच्चाधिकारियों को दी। ग्रामीण मुरली, रामशंकर, राम किशोर, पवन कुमार, हरि ओम आदि का कहना है कि जिला प्रशासन की ओर से उन्हें किसी भी प्रकार की सूचना नहीं दी गई थी कि दूसरे विद्यालय के बच्चों को उनके ग्रामसभा में बने विद्यालय में अटैच किया जा रहा है।

ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर खंड शिक्षा अधिकारी के छूटा पसीना

प्रधान प्रतिनिधि पीर मोहम्मद का कहना है कि तुलसीपुर उनके ग्रामसभा से लगभग दो किलोमीटर दूर है। ऐसे में नौनिहाल दो किलोमीटर की दूरी तय कर उनके ग्रामसभा में पढ़ने के लिए आएंगे, जिससे बच्चों के साथ कोई भी अप्रिय घटना घटने का डर बना रहेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को उसी ग्राम पंचायत में बने किसी दूसरे स्कूल में मर्ज किए जाने का शासनादेश है, लेकिन जिला प्रशासन इसकी अनदेखी कर दूसरी ग्राम पंचायत के 11 बच्चों को प्राथमिक विद्यालय तेलियानी उपाध्याय में भेज रहा है।

इससे गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह से ही विद्यालय पहुंचकर उसमें ताला लगा दिया और किसी भी टीचर व बच्चों को अंदर नहीं जाने दिया। मामला बढ़ता देखकर मौके पर पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी शशांक कुमार सिंह ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी ही बात पर अड़े रहे। भारी हंगामे के बीच पसीना-पसीना हो रहे खंड शिक्षा अधिकारी को ग्रामीणों के आगे झुकना पड़ा।

क्या कहते हैं खण्ड शिक्षा अधिकारी

इस बारे में खंड शिक्षा अधिकारी शशांक कुमार सिंह का कहना है कि तुलसीपुर प्राथमिक विद्यालय में अमूमन 11 बच्चे ही पढ़ रहे हैं। ऐसे में सरकार का आदेश है कि 30 बच्च्चों से कम संख्या वाले विद्यालय के बच्चों को उसी ग्राम पंचायत के दूसरे स्कूल में अटैच कर दिया जाए जिसके मद्देनजर वहां के बच्चों को तेलियानी उपाध्याय के स्कूल में अटैच किया गया था, लेकिन ग्रामीणों को इस पर आपत्ति है। उन्होंने बताया कि फिलहाल आज के दिन बच्चों को फिर से उसी स्कूल में भेज दिया गया है, जहां बच्चे पहले से पढ़ रहे हैं।

Also Read: Agra News: ताजमहल के पास फायरिंग करने वाला भाजपा नेता गिरफ्तार, बोला- मन किया तो चला…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.