Gonda News:  जा पर कृपा ‘कप्तान’ की होई, ता पर कृपा करहिं सब कोई

कटरा बाजार, कोतवाली देहात, नवाबगंज व वजीरगंज में बढ़ीं आपराधिक घटनाएं, टस से मस नहीं हुए थानेदार

Sandesh Wahak Digital Desk/A.R.Usmani: गोण्डा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के मंशापुरवा गांव के पास एक अज्ञात युवती का शव मिला था, जिसकी गला काटकर हत्या की गयी थी। हत्यारों ने लाश को बोरी में भरकर वहां फेंक दिया था। इस जघन्य घटना के खुलासे के लिए एसओजी समेत पांच टीमें लगाई गयी थीं, लेकिन 11 महीने होने को है, अब तक खुलासा करना तो दूर, शव की शिनाख्त तक पुलिस नहीं करा सकी।

विनीत जायसवाल

गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस में लिखा है कि “जा पर कृपा राम की होई, ता पर कृपा करहिं सब कोई, जिनके कपट, दम्भ नहिं माया, तिनके हृदय बसहु रघुराया।” अर्थात जिस व्यक्ति पर भगवान् राम की कृपा होती है, उस पर सबकी कृपा अपने आप हो जाती है। ऐसे व्यक्ति के हृदय में छल, पाखंड और माया नहीं होती और उन्हीं के हृदय में प्रभु राम निवास करते हैं। हालांकि, यहां ठीक इसके विपरित है। जिले के ईमानदार पुलिस कप्तान विनीत जायसवाल के करीबी माने जाने वाले कुछ थानाध्यक्ष ऐसे हैं, जिनके इलाके में कई गंभीर घटनाएं हो चुकीं, लेकिन उनका बाल बांका नहीं हुआ, क्योंकि पुलिस अधीक्षक के वे खासमखास बताए जाते हैं।

 

बताते चलें कि 06 अक्टूबर 2024 को कटरा बाजार थाना क्षेत्र में एक करीब 20 वर्षीय युवती की बोरे में भरी लाश मिली थी। उसकी धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गयी थी। इस हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। ब्लाइंड मर्डर को लेकर अब इलाके में तरह तरह की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस की नाकामी से थाने के जिम्मेदारों की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

11 महीने बाद भी ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी नहीं सुलझा सकी पुलिस

दरअसल, इस घटना का खुलासा व शव की शिनाख्त कराने में नाकाम रहने पर कटरा के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता को एसपी विनीत जायसवाल ने लाइन हाजिर कर दिया था और उनकी जगह 05 नवंबर को अपने काफी भरोसेमंद और तेज तर्रार माने जाने वाले इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह को थाने की कमान सौंपी थी, लेकिन करीब 11 महीने होने को है अब तक राजेश सिंह को भी कोई सफलता हाथ नहीं लगी और न ही एसओजी व सर्विलांस सेल समेत अन्य टीमें कोई चमत्कार कर सकीं। इसके बाद भी इंस्पेक्टर राजेश सिंह की कुर्सी बरकरार है।

इसके साथ ही कोतवाली देहात क्षेत्र में हत्या व चोरी जैसी कई गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं और आए दिन संगीन वारदातों को अंजाम भी दिया जा रहा है। यहां तक कि उनकी तानाशाही को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर गांव वालों द्वारा प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन कोतवाल संजय सिंह अंगद की तरह पांव जमाए हुए हैं।

अभय सिंह, थानाध्यक्ष नवाबगंज ‌

पहले भी सुर्खियों में आए अभय सिंह

इसी तरह नवाबगंज थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ हत्या की दो वारदातें हुईं। इसके पहले भी कई संगीन आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन थानाध्यक्ष अभय सिंह की भी सेहत पर कोई फर्क पड़ता नहीं दिखाई दे रहा है। दरअसल, यह वही अभय सिंह हैं, जिन्होंने वजीरगंज में तैनाती के दौरान अपनी बेटी की बरामदगी की फरियाद लेकर आए एक पीड़ित को भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए थाने से भगा दिया था। इनके इस कृत्य का आडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, लेकिन मजाल है जो रूतबे को जरा सी भी आंच आई हो। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में भी कई गंभीर आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं।

शुक्रवार की सुबह गौरिया गांव के रहने वाले छोटेलाल ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गया। पुलिस शीघ्र गिरफ्तारी का दावा कर रही है। सूत्र बताते हैं कि थाना कटरा बाजार, कोतवाली देहात, नवाबगंज व वजीरगंज में तैनात थानेदारों पर पुलिस कप्तान की विशेष कृपादृष्टि है, जिससे इनकी कुर्सी टस से मस तक नहीं हो रही है। इतना ही नहीं, देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक भी अब घटनाओं का स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई करने में बहुत ज्यादा रूचि नहीं रखते हैं। इससे सिस्टम बेपटरी हो चुका है और न्याय की प्रक्रिया जटिल।

रिपोर्ट: ए.आर.उस्मानी

Also Read: नोएडा में डिफेंस हब: राजनाथ सिंह ने डिफेंस फेसिलिटी का किया उद्घाटन, सीएम योगी रहे मौजूद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.