आरोपी को पकड़ने के लिए सिपाही ने ट्रैक पर लगाई दौड़, ट्रेन की चपेट में आने से कटा पैर
Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज और बेहद दुखद हादसा हुआ। एक अपराधी का पीछा कर रहा जीआरपी (GRP) का एक जवान तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। इस भयानक टक्कर में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका एक पैर कट गया है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के गोंडा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर यह हादसा दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ। जीआरपी सिपाही आकाश कुमार सिंह स्टेशन परिसर में एक आरोपी का पीछा कर रहे थे। अपराधी को पकड़ने के जुनून में वे दौड़ रहे थे, तभी सामने से आ रही 15903 डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए।
फिल्मी अंदाज में आरोपी का पीछा
चश्मदीदों के अनुसार, सिपाही आकाश पूरी ताकत से आरोपी के पीछे भाग रहे थे, लेकिन ट्रेन की रफ्तार और अचानक सामने आ जाने के कारण वे खुद को संभाल नहीं पाए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका एक पैर मौके पर ही कट गया और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य जीआरपी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए डिप्टी एसएस (कॉमर्शियल) और रेलवे के उप मंडलीय चिकित्सालय को सूचना दी। खबर मिलते ही डॉक्टरों की टीम एंबुलेंस के साथ प्लेटफॉर्म पर पहुंची।
नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
जवान की हालत काफी गंभीर थी, जिसे देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जीआरपी निरीक्षक दिनेश कुमार पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सिपाही आकाश एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। फिलहाल घायल जवान का इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

