बिहार में NDA की प्रचंड जीत, PM मोदी बोले- सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की हुई विजय
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) ने शानदार और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। राज्य की कुल 243 विधानसभा सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर गठबंधन ने प्रभावशाली बढ़त हासिल की है, जो बिहार के चुनावी इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
एनडीए की इस प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे कई मायनों में जीत बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि यह जीत है, सुशासन की, विकास की, जन-कल्याण की भावना की, और सामाजिक न्याय की। उन्होंने बिहार के लोगों को धन्यवाद देते हुए लिखा, बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा।
सुशासन की जीत हुई है।
विकास की जीत हुई है।
जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है।
सामाजिक न्याय की जीत हुई है।
बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें…
— Narendra Modi (@narendramodi) November 14, 2025
सहयोगियों को बधाई और विकास का संकल्प
प्रधानमंत्री ने जीत का श्रेय एनडीए के ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के विजन को दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, और सहयोगी चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को भी इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई दी। प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए वादा किया कि आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहाँ के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहाँ की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।

राजनाथ सिंह बोले- चुनावी इतिहास में स्वर्णिम अध्याय
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा, एनडीए की भव्य और अभूतपूर्व विजय ने बिहार प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के चुनावी इतिहास में एक सुनहरा अध्याय लिख दिया है। यह विकास की राजनीति की एक ऐतिहासिक जीत है।
उन्होंने कहा कि यह तीन चौथाई बहुमत प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायी नेतृत्व, उनकी विश्वसनीयता और सुशासन पर जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने बिहार की जनता का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह जनादेश हमें और अधिक निष्ठा, सेवा-भाव और दृढ़ संकल्प के साथ बिहार की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
Also Read: लखनऊ में ‘वर्टिकल सिस्टम’ लागू: अब 7 दिन में सही होगा बिजली बिल, 10 दिन में मिलेगा कनेक्शन

