यूपी के पिछड़ा वर्ग के छात्रों की बल्ले-बल्ले, अब 8 लाख और विद्यार्थियों को मिलेगी स्कॉलरशिप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पिछड़ा वर्ग (OBC) के छात्रों के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया है। सरकार ने छात्रवृत्ति का दायरा बढ़ाते हुए अब 38 लाख विद्यार्थियों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। मंगलवार को प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बड़े फैसले की जानकारी दी।

क्यों बढ़ गया स्कॉलरशिप का दायरा?

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि अब तक करीब 30 लाख छात्रों को ही स्कॉलरशिप मिल पा रही थी, लेकिन अब इसमें 8 लाख नए छात्र जुड़ेंगे। इस बढ़ोत्तरी के पीछे मुख्य वजह आय सीमा का दायरा बढ़ाकर ढाई लाख रुपए करना है। अब वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 38 लाख विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

पूर्व दशम (Pre-Matric) कक्षाओं के छात्रों के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि अब उन्हें सालाना 3000 रुपए स्कॉलरशिप मिलेगी। इससे पहले तक यह राशि 2500 रुपए थी। सरकार का मानना है कि इस बढ़ोत्तरी से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में बड़ी मदद मिलेगी।

जल्द आएगा ‘विशेष ऐप’ और सेमेस्टर सिस्टम

हालांकि इससे पहले समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने हाल ही में विधान परिषद में संकेत दिया था कि छात्रों की सुविधा के लिए एक विशेष ऐप तैयार किया जा रहा है।

वर्तमान में स्कॉलरशिप साल में एक बार मिलती है, लेकिन कई कोर्स सेमेस्टर आधारित होते हैं। सरकार अब इसे सेमेस्टर वाइज देने की तैयारी कर रही है ताकि छात्रों के पास हर समय पढ़ाई के लिए संसाधन मौजूद रहें।

“एक भी पात्र छात्र नहीं छूटेगा”

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने दावा किया कि 2023-24 के बाद से प्रदेश में एक भी ऐसा पात्र छात्र नहीं बचा है जिसे स्कॉलरशिप न मिली हो। सरकार अब तकनीक और डेटा के माध्यम से एक ऐसा मजबूत सिस्टम बना रही है, जिससे छात्र को एक बार स्कॉलरशिप मिलने के बाद उसकी पूरी पढ़ाई के दौरान बिना किसी रुकावट के लाभ मिलता रहे।

Also Read: अमेठी: विधायक सुरेश पासी ने ‘महोना-जैनबगंज-किशनी’ मार्ग के चौड़ीकरण का किया भूमि पूजन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.