UP के संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के लिए खुशखबरी, 1 लाख कर्मचारियों का रुका वेतन जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के करीब एक लाख संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के लिए यह खबर चेहरे पर मुस्कान लाने वाली है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत काम करने वाले कर्मचारियों के रुके हुए वेतन को लेकर विभाग ने बड़ा और सराहनीय कदम उठाया है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में अपनी सेवाएं दे रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर आई है। विभाग ने करीब एक लाख कर्मचारियों के दिसंबर और जनवरी महीने का लंबित वेतन जारी कर दिया है।
होली से पहले आएगी फरवरी की सैलरी
NHM की प्रबंध निदेशक (MD) डॉ. पिंकी जोवल ने इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि न केवल पिछला बकाया, बल्कि फरवरी माह का वेतन भी हर हाल में होली के त्योहार से पहले कर्मचारियों के खातों में पहुंच जाना चाहिए। इसके लिए सभी जरूरी कागजी और प्रशासनिक औपचारिकताएं तुरंत पूरी करने को कहा गया है ताकि त्योहार के समय किसी भी परिवार को आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े।
कर्मचारियों में खुशी की लहर
वेतन जारी होने के इस फैसले का कर्मचारी संगठनों ने दिल खोलकर स्वागत किया है। संयुक्त NHM कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री योगेश उपाध्याय ने डॉ. पिंकी जोवल के इस संवेदनशील निर्णय के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय पर मेहनत की कमाई मिलने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है। त्योहार से ठीक पहले इस तरह की राहत मिलने से एक लाख से ज्यादा परिवारों की होली अब और भी खुशहाल होगी।
बता दें कि संविदा स्वास्थ्यकर्मी लंबे समय से अपने लंबित वेतन का इंतजार कर रहे थे और अब शासन के इस आदेश से उनकी बड़ी चिंता दूर हो गई है।
Also Read: फरीदाबाद: फैक्ट्री में एक के बाद एक फटे केमिकल ड्रम, 30 से ज्यादा मजदूर झुलसे, पुलिसकर्मी भी जख्मी

