CID 3 का इंतजार कर रहे फैन्स के लिए खुशखबरी! दयानंद शेट्टी ने दिए बड़े संकेत

Entertainment News: टीवी के सबसे लोकप्रिय क्राइम शो CID के तीसरे सीजन का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए अभिनेता दयानंद शेट्टी (दया) ने बड़ा अपडेट दिया है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल CID 3 को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन टीम व्यक्तिगत स्तर पर कुछ नया करने की योजना बना रही है।

एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान दयानंद शेट्टी ने कहा कि CID सीजन 2 का आखिरी एपिसोड दिसंबर 2025 में प्रसारित हुआ था।

इसके बाद पूरी टीम को उम्मीद थी कि शो का तीसरा सीजन भी आएगा, क्योंकि दूसरे सीजन को टीवी और ओटीटी दोनों प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला।

उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा लगता है कि चैनल की ओर से तीसरे सीजन को लेकर ज्यादा रुचि नहीं दिखाई जा रही है।

हालांकि, जहां भी टीम जाती है, प्रशंसकों का पहला सवाल यही होता है कि CID कब लौटेगा? इससे साफ है कि आज भी दर्शकों के बीच शो की लोकप्रियता बरकरार है।

‘जल्द कुछ नया करने की कोशिश करेंगे’

दयानंद शेट्टी ने बताया कि पूरी टीम व्यक्तिगत स्तर पर कुछ नया करने की योजना बना रही है।

उन्होंने संकेत दिया कि अगले एक-दो महीने में इस दिशा में कोई पहल देखने को मिल सकती है। हालांकि, यह प्रयास चैनल के साथ नहीं बल्कि निजी स्तर पर होगा।

करोड़ों के विज्ञापन भी ठुकराए

दयानंद शेट्टी ने बातचीत में यह भी बताया कि उन्होंने अपने करियर में कई बड़े विज्ञापन प्रस्ताव ठुकराए हैं।

उन्होंने कहा कि वह सॉफ्ट ड्रिंक, तंबाकू, शराब, हेल्थ सप्लीमेंट और बिना प्रमाणित आयुर्वेदिक उत्पादों का प्रचार नहीं करते।

उनके मुताबिक, यदि किसी उत्पाद की गुणवत्ता और प्रभाव की गारंटी नहीं दी जा सकती, तो वह उसका विज्ञापन करना उचित नहीं मानते।

उनका कहना है कि एक कलाकार की जिम्मेदारी केवल अभिनय तक सीमित नहीं होती, बल्कि दर्शकों तक सही संदेश पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है।

दयानंद शेट्टी के इस बयान के बाद एक बार फिर CID 3 को लेकर प्रशंसकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

हालांकि, शो की वापसी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Also Read: Maatrubhumi Release Update: फिर टल सकती है Salman Khan की ‘मातृभूमि’ की रिलीज डेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.