लखनऊ वालों के लिए खुशखबरी: ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ में आज से एंट्री फ्री, गणतंत्र दिवस पर एलडीए का तोहफा

Sandesh Wahak Digital Desk: अगर आप इस वीकेंड लखनऊ के बसन्तकुंज स्थित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ घूमने का मन बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश दिवस (24 जनवरी) और गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के खास मौके पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने पर्यटकों को बड़ा तोहफा दिया है। अगले तीन दिनों तक यहां घूमने के लिए आपको कोई टिकट नहीं लेना होगा।

24 से 26 जनवरी तक ‘फ्री एंट्री’

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए बताया कि नागरिकों के उत्साह और राष्ट्रीय पर्वों की महत्ता को देखते हुए 24, 25 और 26 जनवरी को प्रवेश शुल्क पूरी तरह माफ कर दिया गया है।

आम दिनों में यहां प्रति व्यक्ति 15 रुपये का टिकट लगता है (जो 1 जनवरी 2026 से लागू है), लेकिन इन तीन दिनों में परिवार के साथ घूमना बिल्कुल मुफ्त रहेगा। आज यानी 24 जनवरी को ‘यूपी दिवस’ के मौके पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।

तैयारियां पूरी, प्रशासन मुस्तैद

उपाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रमों को लेकर प्रेरणा स्थल में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सजावट से लेकर सुरक्षा तक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि आगंतुक बिना किसी असुविधा के भ्रमण का आनंद ले सकें।

यह नागरिकों के लिए एक शानदार मौका है कि वे छुट्टियों के इन दिनों में बिना किसी अतिरिक्त खर्च के इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायी स्थल का दीदार कर सकें।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.