Saharanpur News: Google Maps ने दिया धोखा, मंदिर जा रहे छात्रों की कार पानी में डूबी, घंटों रहे फंसे

Sandesh Wahak Digital Desk: गूगल मैप्स पर भरोसा करना चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के छात्र नेता सूर्या और उनके तीन दोस्तों को भारी पड़ गया। मेरठ से अंबाला के महर्षि मार्कंडेय मंदिर दर्शन के लिए निकले चारों युवक सहारनपुर में एक गलत मोड़ लेकर गहरे पानी में फंस गए।

कार चला रहे आदित्य ने बताया कि सहारनपुर से निकलने के बाद उन्होंने गूगल मैप्स पर अंबाला की लोकेशन डाली। सिरोही पैलेस के आगे मैप ने उन्हें एक रास्ते पर मोड़ने को कहा। जैसे ही उन्होंने कार मोड़ी, उनकी गाड़ी पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में समा गई। देखते ही देखते उनकी पूरी कार डूब गई।

हिम्मत से बची जान

संकट की इस घड़ी में भी चारों दोस्तों, सूर्या, आदित्य, अनुज और आशुतोष, ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने किसी तरह कार का दरवाजा खोला और बाहर निकलकर छत पर चढ़ गए। इसके बाद उन्होंने मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगानी शुरू कर दी।

उनकी आवाज सुनकर राहगीर और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में एक ट्रैक्टर की मदद से उनकी डूबी हुई कार को भी पानी से बाहर खींचा गया। गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है, जब गूगल मैप्स के भरोसे गलत रास्ते पर जाने से लोगों के साथ दुर्घटना हुई हो। ऐसे में सावधानी बरतना बहुत ज़रूरी है।

Also Read: Prayagraj News: रोडवेज में चालकों की कमी, 25 से 29 अगस्त तक लगेगा रोजगार मेला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.