गोरखपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर होगा महायोगी गुरु गोरखनाथ हवाई अड्डा, लगेगी प्रतिमा

Gorakhpur News: गोरखपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर अब ‘महायोगी गुरु गोरखनाथ हवाई अड्डा’ रखा जाएगा। एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में इस पर सहमति बन गई। साथ ही एयरपोर्ट परिसर में गुरु गोरक्षनाथ की प्रतिमा लगाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में गोरखपुर जल्द ही नई उड़ानों और विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ देश में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

एयरपोर्ट विकास पर जोर

बैठक का मुख्य एजेंडा गोरखपुर एयरपोर्ट का विकास, आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं का विस्तार रहा। सांसद ने कहा कि गोरखपुर एयरपोर्ट केवल हवाई अड्डा नहीं, बल्कि पूर्वांचल की पहचान है। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करना उनका संकल्प है।

उन्होंने नए टर्मिनल भवन निर्माण, एप्रन एक्सटेंशन, एमईएस संरचनाओं के रिलोकेशन और नई उड़ान सेवाओं की शुरुआत का प्रस्ताव रखा। जम्मू, पुणे, जयपुर, चंडीगढ़ और गोवा के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने का सुझाव भी दिया गया।

यात्रियों की सुविधाओं पर चर्चा

बैठक में एयरपोर्ट को 24 घंटे संचालन योग्य बनाने पर भी चर्चा हुई। साथ ही गीता प्रेस की दुकान, हाईवे पर यात्री शेड और पेयजल व्यवस्था, मुख्य द्वार का सुंदरीकरण और बड़े एलईडी बोर्ड पर एयरपोर्ट का नया नाम प्रदर्शित करने जैसे प्रस्ताव भी रखे गए।

Also Read: Kanpur News: बैठक में सतीश महाना ने अफसरों को लगाई फटकार, बोले- इनको जीटी रोड पर ले जाओ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.