Gorakhpur News: छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाता था सरकारी टीचर, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
Gorakhpur News: जिले के बेलघाट इलाके से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी प्राइमरी स्कूल के 56 वर्षीय शिक्षक नवल किशोर पर अपनी ही छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और उन्हें अश्लील सामग्री दिखाने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके के अभिभावकों में भारी रोष है और बच्चों के मन में दहशत बैठ गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिक्षक नवल किशोर काफी समय से स्कूली छात्राओं को मोबाइल पर अश्लील वीडियो और तस्वीरें दिखाकर उनके साथ गलत हरकतें कर रहा था। डरी-सहमी बच्चियों ने जब हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को इस बारे में बताया, तो पूरा मामला खुला। बुधवार शाम को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और गुरुवार को उसे जेल भेज दिया गया।
जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि यह शिक्षक इस तरह की हरकतें पहले भी कर चुका है। इससे पहले वह जिस स्कूल में तैनात था, वहां भी उसने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की थी। उस वक्त सख्त कार्रवाई करने के बजाय विभाग ने केवल उसका तबादला कर दिया था। लेकिन नई जगह आने के बाद भी उसकी करतूतें बंद नहीं हुईं।
स्कूल जाने से डर रही हैं बच्चियाँ
इस घटना का छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ा है। कई बच्चियां इतनी सहम गई हैं कि उन्होंने स्कूल जाने से साफ इनकार कर दिया है। अभिभावकों का कहना है कि अगर पहले ही शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई होती, तो आज उनकी बेटियों को यह दिन नहीं देखना पड़ता। परिजनों ने मांग की है कि छात्राओं की उचित काउंसलिंग कराई जाए और स्कूलों में शिक्षकों की गतिविधियों की सख्त मॉनिटरिंग हो।
थाना प्रभारी विकास नाथ ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। छात्राओं के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पुलिस ने शिक्षा विभाग से आरोपी के सेवा रिकॉर्ड मांगे हैं ताकि उसे नौकरी से बर्खास्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
Also Read: सीएम योगी का बड़ा एक्शन, 24 घंटे के भीतर पूर्व सैनिक की बेटी को वापस मिला घर, दबंग गिरफ्तार

