Gorakhpur News: अवैध संबंध के शक में पति बना हैवान, कुल्हाड़ी से पत्नी को उतारा मौत के घाट

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र स्थित धाधूपार गांव में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक भयानक मंजर देखने को मिला। अवैध संबंधों के मामूली शक में 44 वर्षीय अशोक निषाद ने अपनी पत्नी नीलम देवी (40) की नृशंस हत्या कर दी। इस खूनी खेल के बीच घर में मौजूद उनके दो बच्चों की चीखें गांव के सन्नाटे को चीरती रहीं।

आधी रात को मचा कत्लेआम

पुलिस के अनुसार, अशोक और नीलम की शादी साल 2006 में हुई थी। उनके दो बच्चे, 17 साल का बेटा सूरज और 14 साल की बेटी सृष्टि हैं। अशोक पहले मुंबई में कारपेंटर का काम करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से गांव में ही रहकर खेती-बारी कर रहा था। शक की वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।

रात करीब 1:30 बजे अशोक ने पहले कुल्हाड़ी से नीलम पर वार किया और फिर पास रखे फावड़े से उसका गला रेत दिया। मां को तड़पता देख जब बेटा सूरज बचाने आया, तो अशोक फावड़ा लेकर उसे भी मारने दौड़ा। सूरज ने किसी तरह घर से भागकर अपनी जान बचाई और नाना को फोन कर आपबीती सुनाई।

इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या करने के बाद आरोपी के माथे पर शिकन तक नहीं थी। उसने खुद डायल 112 पर फोन किया और पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को मार डाला है और लाश घर में पड़ी है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो अशोक शांति से अपनी पत्नी के खून से लथपथ शव के पास बैठा मिला।

बुधवार सुबह पुलिस की टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ धाधूपार गांव पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और फावड़ा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी अशोक को साथ ले जाकर ‘सीन रीक्रिएट’ कराया ताकि अदालत में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें।

अनाथ हुए बच्चे, पिता सलाखों के पीछे

नीलम के पिता राजेंद्र निषाद की तहरीर पर पुलिस ने अशोक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस वारदात ने हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया है। मां की मौत और पिता के जेल जाने के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं और अब अपने ननिहाल की शरण में हैं।

Also Read: Lucknow News: ईरान में मौलाना कल्बे जवाद के परिजन भी फंसे, यूपी के हजारों परिवारों का संपर्क टूटा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.