Gorakhpur News: स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा को ट्रक ने रौंदा, दर्दनाक हादसे में मौत

Gorakhpur News: राम-जानकी मार्ग पर बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आकर 11वीं की छात्रा रागिनी निषाद (16 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

छात्रा को कुचल दिया

जानकारी के अनुसार, रागिनी निषाद, जो मुहाल जलकर के महराजगंज टोला निवासी विनोद निषाद की पुत्री थी, सुबह करीब साढ़े सात बजे अपनी साइकिल से शबनम मेमोरियल स्कूल, बड़हलगंज जा रही थी। तभी टेढ़िया बंधे के पास बड़हलगंज की तरफ से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और छात्रा को कुचल दिया। हादसे में रागिनी के कमर से नीचे दोनों पैर बुरी तरह से कुचल गए। वहां मौजूद लोगों ने पास में काम कर रही पोकलेन मशीन की मदद से ट्रक को सड़क किनारे खिसकाकर छात्रा को बाहर निकाला। तत्काल एंबुलेंस से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

आरोपी की पहचान की जा रही

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे वाली जगह के पास ही राम-जानकी मार्ग का चौड़ीकरण कार्य चल रहा है, जिससे सड़क पर अव्यवस्था और भी बढ़ गई है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान की जा रही है।

Also Read: भारत के लिए टैरिफ पर कोई ढील नहीं, ट्रंप ने PM मोदी को बताया शानदार इंसान 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.