Gorakhpur News: फर्जी IAS बनकर की 25 शादियां, 26वीं मैरिज करके ऐसे फंसा आरोपी
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इकदिल थाना क्षेत्र के लुधियात मोहल्ले निवासी प्रीतम निषाद पर फर्जी आईएएस (Fake IAS) बनकर शादी करने और ठगी करने का आरोप लगा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गोरखपुर पुलिस रविवार को इटावा के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि प्रीतम निषाद ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर गोरखपुर कैंट इलाके की एक लड़की से शादी की और धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
दरअसल इस मामले में प्रीतम निषाद के साथ उसकी बहन, जीजा और परिवार के अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। आरोपी खुद को मानिकपुर का एसडीएम बताता था और अब तक 25 शादियां कर लाखों रुपए की ठगी कर चुका है। उसके खिलाफ इटावा के इकदिल थाने में पहले से ही दो युवतियों द्वारा मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। जब गोरखपुर के पीड़ित परिवार के लोग सच्चाई जानने उसके घर पहुंचे, तब इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
वहीं गोरखपुर कैंट थाना क्षेत्र के पीड़ित परिवार ने अपनी बेटी के लिए रिश्ता तलाशते हुए प्रीतम निषाद का प्रोफाइल देखा था, जिसमें वह 32 वर्षीय आईएएस अधिकारी और मानिकपुर में एसडीएम के पद पर तैनात बताया गया था। परिवार को उसकी बातें और प्रोफाइल पर भरोसा हो गया और 11 मार्च 2026 को शादी तय कर दी गई। शादी से पहले आरोपी ने खर्च के नाम पर लड़की के परिवार से 15 लाख रुपए भी ले लिए। शादी में 30 लाख रुपए से अधिक खर्च होने के बाद जब सच्चाई सामने आई तो परिवार सदमे में आ गया।
इंटरव्यू वीडियो दिखाकर जीता भरोसा
दरसल आरोपी ने खुद को विश्वसनीय दिखाने के लिए पुराने इंटरव्यू का वीडियो और कुछ नेताओं के साथ सम्मानित होने की तस्वीरें भी परिवार को भेजीं। खुद को मानिकपुर का एसडीएम बताने वाला यह शख्स अपने घर में बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित था, लेकिन झूठ और दिखावे के जरिए लोगों को ठगने में माहिर था।
वहीं लड़की के परिवार वाले जानकारी लेने इटावा पहुंचे थे, जहां आरोपी ने उन्हें लुधियात मोहल्ले में एक मकान दिखाया और बताया कि वह अपनी बहन के साथ रहता है। गांव के बारे में पूछने पर उसने खुद को गांव का पहला आईएएस अधिकारी बताया और कहा कि वहां उसका आना-जाना कम होता है। उसकी बातों में आकर परिवार ने शादी के लिए हामी भर दी, लेकिन बाद में उसकी सच्चाई सामने आ गई।
घटना के बाद फरार हुआ आरोपी
वहीं घटना के खुलासे के बाद आरोपी इटावा स्थित अपने घर से फरार हो गया। गोरखपुर की कैंट पुलिस उसके संभावित ठिकानों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद इस पूरे मामले से जुड़ी और भी सच्चाई सामने आएगी।
वहीं गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित पीड़ित परिवार के घर पर इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। लड़की के पिता ने बताया कि बारात में 20 से 30 लोग शामिल हुए थे, जिनमें आरोपी के परिवार के सदस्य भी थे। प्रीतम ने शादी में दूल्हे की तरह पूरी तैयारी की थी और शेरवानी पहनकर कार्यक्रम में शामिल हुआ था। सात फेरे लेने से पहले उसने कपड़े भी बदले थे।
शादी से पहले बनाई थी अफसर जैसी छवि
लड़की के पिता के अनुसार, प्रीतम 7 मार्च को गोरखपुर आया था और जिस कार से वह आया था, उस पर भारत सरकार लिखा हुआ था। उसके साथ एक असिस्टेंट भी था, जो उसके पीछे-पीछे चल रहा था। उसने शादी का कार्ड देते हुए बताया था कि उसे कैबिनेट मंत्री, सांसद और पुलिस अधिकारियों को भी कार्ड देना है, जिससे परिवार का भरोसा और बढ़ गया।
गांव से मिली सूचना से खुला राज
लड़की के पिता ने बताया कि बाद में प्रीतम के गांव से एक कॉल आया, जिसमें बताया गया कि वह पहले भी 25 शादियां कर चुका है और यह उसकी 26वीं शादी थी। इस सूचना के बाद पूरा मामला साफ हो गया। फिलहाल गोरखपुर पुलिस आरोपी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है और जांच जारी है।
Also Read: Moradabad News: बेकाबू कार ने मचाया तांडव, 12 लोगों को रौंदा

