Gorakhpur News: भाजपा विधायक के भाई पर सीएम योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
Gorakhpur News: गोरखपुर में पूर्व विधायक केदार सिंह के नाम पर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब एक नया मोड़ ले चुका है। पिपराइच से भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह के छोटे भाई भोलेंद्र पाल सिंह की फेसबुक आईडी से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उनके ओएसडी और भाजपा विधायक विपिन सिंह के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की गई है।
इस पोस्ट में एक जाति विशेष के लिए भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिसने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया। जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। हालांकि, पोस्ट को तुरंत हटा दिया गया, लेकिन तब तक कई लोगों ने इसका स्क्रीनशॉट ले लिया था।
पुलिस ने दर्ज किए कई केस
इस मामले को लेकर अलग-अलग थानों में कई शिकायतें मिलीं, जिसके बाद भोलेंद्र पाल सिंह के खिलाफ साइबर थाना, पिपराइच थाना और रामगढ़ताल थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि इस तरह की पोस्ट से समाज में तनाव और जातीय विद्वेष फैलने का खतरा है।
शिकायत की शुरुआत पुलिस मीडिया सेल में तैनात आरक्षी रामबोध ने 29 अगस्त की रात साइबर थाने में तहरीर देकर की थी। इसके बाद पिपराइच के गंगेश तिवारी और रामगढ़ताल क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता संजीव त्रिपाठी ने भी शिकायतें दर्ज कराईं।
विवाद की जड़: केदार सिंह का स्मारक
यह पूरा विवाद तब और भड़क गया जब कुछ दिन पहले प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गोलघर स्थित पूर्व विधायक स्व. केदार सिंह के आवास परिसर को खाली कराया। इस जमीन पर सैंथवार समुदाय स्मारक बनाना चाहता था, लेकिन निजी संपत्ति होने के कारण प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी थी।
इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह ने खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने साफ कहा कि भोलेंद्र सिंह से उनका पिछले 20 साल से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है और कानून सभी के लिए समान है। भोलेंद्र पाल सिंह ईंट-भट्ठा का कारोबार करते हैं और फिलहाल महराजगंज के जमुनारा गांव में रहते हैं।
Also Read: Ayodhya News: अपर्णा यादव ने पीएम मोदी की मां पर टिप्पणी करने वालों को दिखाया आईना

