Gorakhpur News: जनता दर्शन में सीएम योगी का आश्वासन: गंभीर बीमारियों के इलाज में धन की कमी नहीं होने देंगे

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि वे बिना चिंता किए अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज कराएं। उन्होंने कहा कि उपचार में जो भी खर्च होगा, उसकी व्यवस्था सरकार करेगी और किसी भी जरूरतमंद को धन की कमी के कारण इलाज से वंचित नहीं होना पड़ेगा।

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लोगों को उपचार में आर्थिक सहायता की जरूरत है, उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से हर जरूरतमंद को पर्याप्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

200 लोगों से मुलाकात की

शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास के बाद रविवार सुबह जनता दर्शन में लगभग 200 लोगों से मुलाकात की। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में बैठे लोगों की समस्याएं उन्होंने एक-एक कर सुनीं और निस्तारण का आश्वासन दिया। प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए सौंपे गए।

 दोनों पक्षों को साथ बैठाकर संवाद को प्राथमिकता दे

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की किसी भी समस्या पर संवेदनशीलता और गंभीरता से ध्यान दिया जाए। समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण हो, ताकि किसी को परेशान न होना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं जमीन कब्जा या दबंगई हो रही हो तो दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पारिवारिक विवादों के समाधान में दोनों पक्षों को साथ बैठाकर संवाद को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जमीन का पट्टा देने के आदेश भी दिए

एक महिला की गुहार पर सीएम योगी ने अधिकारियों को उसे जमीन का पट्टा देने के आदेश भी दिए। जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कई लोग गंभीर बीमारियों में इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे थे, जिन्हें मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उनकी सरकार इलाज में धन की कमी को बाधक नहीं बनने देगी और विवेकाधीन कोष से पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Also Read: UP: सरकार के बेड़े में शामिल होगा अत्याधुनिक अगस्ता हेलीकॉप्टर, पायलट इटली में लेंगे ट्रेनिंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.