Gorakhpur News: वी-मार्ट की पार्किंग में लगी आग, तीन वाहन राख; मची अफरा-तफरी
Gorakhpur News: गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के मेडिकल रोड स्थित वी-मार्ट में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। सुबह करीब 7:30 बजे जैसे ही बेसमेंट पार्किंग से धुआं और ऊंची लपटें उठीं, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से भड़की और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब 10 मिनट बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
तीन वाहन राख, कई सुरक्षित निकाले गए
इस हादसे में एक बुलेट बाइक, एक एवेंजर बाइक और एक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हालांकि, फायर टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए पार्किंग में खड़ी 10 अन्य बाइक और 3 कारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जांच में जुटी पुलिस और फायर टीम
घटना की सूचना मिलते ही गुलरिहा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। फायर स्टेशन ऑफिसर शांतनू यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सटीक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग सहम गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

