Gorakhpur News: कपड़ों के गोदाम से उठी लपटें: गोरखपुर में तीन मंजिला मकान में आग, चार झुलसे
Gorakhpur News: शनिवार सुबह गोरखपुर शहर के एचएन सिंह चौराहे के पास स्थित गोविंदपुरी कॉलोनी में एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। ग्राउंड फ्लोर पर बने कपड़ों के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग देखते ही देखते भयानक रूप ले ली और ऊपर बने मकान में रहने वाले परिवार को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में चार लोग आग की लपटों से झुलस गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार चारों लोग फिलहाल खतरे से बाहर हैं, लेकिन उनका इलाज जारी है।
दस लोगों का हुआ सुरक्षित रेस्क्यू
आग लगने के समय मकान के भीतर करीब दस लोग मौजूद थे। धुआं और लपटें तेजी से फैलने लगीं तो परिवार के लोग बुरी तरह घबरा गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी दस लोगों को बाहर निकाला। हालांकि इनमें से चार लोग झुलस गए थे।
शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग
मकान मालिक अनूप बंका के घर के ग्राउंड फ्लोर पर कपड़ों का गोदाम बना हुआ था। वहीं से शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी और पलभर में ऊपर के हिस्से तक फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना ने एक बार फिर शहर में अग्निशमन सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहा है।
Also Read: Varanasi News: शिक्षकों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है – कौशलेंद्र नारायण सिंह

