Gorakhpur News: फॉरेस्ट गार्ड ने किसानों को डंडे से पीटा, सस्पेंड
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक फॉरेस्ट गार्ड द्वारा किसान की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। फॉरेस्ट गार्ड ने किसान को बीच सड़क पर गिराकर उस पर कई लाठियां बरसाईं। किसान दर्द से कराहता रहा लेकिन गार्ड को उस पर बिल्कुल भी तरस नहीं आया। इस दौरान गार्ड भद्दी भद्दी गालियां देते हुए किसान को घसीट कर पीटता रहा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नीलगाय भगाने से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित किसान दिनेश निषाद ने पत्रकारों को बताया कि वह कैंपियरगंज इलाके के जंगल बब्बन के टोला पोखरहवा का रहने वाला है। सोमवार की शाम करीब चार बजे उसने अपने खेत से नीलगाय को खदेड़ा था जिसके बाद नीलगाय फॉरेस्ट रेंज में चली गई। इसी बात को लेकर फॉरेस्ट गार्ड और किसान के बीच कहासुनी हो गई जो बाद में मारपीट में बदल गई।
किसान के अनुसार इसके बाद उसे फॉरेस्ट चौकी बुलाया गया जहां फॉरेस्ट गार्ड विवेक मौर्य सहित वहां तैनात अन्य कर्मचारियों ने उसे गालियां देनी शुरू कर दीं। जब उसने इसका विरोध किया तो फॉरेस्ट गार्ड विवेक मौर्य ने उसे पैर लगाकर सड़क पर गिरा दिया और डंडे से पीटना शुरू कर दिया। किसान ने छोड़ देने की मिन्नतें कीं लेकिन उसे बेरहमी से पीटते रहे।
वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
किसान की पिटाई के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए हैं। एक वीडियो में फॉरेस्ट गार्ड विवेक मौर्य किसान को बीच सड़क पर गिराकर पीटता हुआ साफ नजर आ रहा है और उसके कुछ साथी भी आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर वन विभाग ने आरोपी गार्ड के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया है।
डीएफओ विकास यादव ने बताया कि मोईनाबाद फॉरेस्ट चौकी पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड विवेक मौर्य को सस्पेंड कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट करने के लिए पीड़ित किसान का बयान दर्ज किया जाएगा ताकि यह पता चल सके कि विवाद किस परिस्थिति में शुरू हुआ और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Also Read: मकर संक्रांति: प्रयागराज संगम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 8 बजे तक ही 15 लाख ने लगाई डुबकी

