Gorakhpur News: महानवमी पर सीएम योगी ने कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई, पूजन कर कराया भोजन
Gorakhpur News: शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में परंपरानुसार कन्या पूजन और बटुक पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे, विधिविधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी और श्रद्धापूर्वक भोजन परोसकर दक्षिणा व उपहार भेंट किए।
तिलक लगाकर अंगवस्त्र पहनाया
मंदिर परिसर के अन्न क्षेत्र के भोजन कक्ष में पीतल के परात में जल से मुख्यमंत्री ने नौ बालिकाओं के बारी-बारी पांव धोए। दुर्गा सप्तशती के मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं के माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत का तिलक लगाया गया। इसके बाद पुष्प, दुर्वा, माला और चुनरी अर्पित कर आशीर्वाद लिया गया। इस दौरान सीएम योगी ने एक छह माह की बच्ची के भी पांव पखारे और पूजन किया। साथ ही हनुमानजी के वेश में आए एक बालक को तिलक लगाकर अंगवस्त्र पहनाया।

उपहार और दक्षिणा दी
पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने नौ कन्याओं और बटुकों को अपने हाथों से मंदिर की रसोई में तैयार ताजा प्रसाद परोसा। इस दौरान वह बच्चों से संवाद करते रहे और यह ध्यान रखा कि किसी की थाली खाली न रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंची अन्य बालिकाओं और बटुकों का भी पूजन कर उन्हें उपहार और दक्षिणा दी गई।
कन्या पूजन के दौरान गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, काशी से आए जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा सहित अन्य संत-महात्मा मौजूद रहे। इससे पूर्व प्रातःकाल के पूजन सत्र में मुख्यमंत्री ने मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधिविधान से आराधना की।

