Gorakhpur News: सड़क पर JCB से खुदाई के दौरान गिरे तीन बिजली के खंभे, 100 घरों की बिजली ठप

Gorakhpur News: शाहपुर उपकेंद्र के अंतर्गत बशारतपुर स्थित खरैया पोखरा इलाके में सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर मिट्टी डाल रही जेसीबी अचानक बिजली के तार में फंस गई। तार खिंचने से एक के बाद एक तीन खंभे गिर पड़े और देखते ही देखते पूरी गली की बत्ती गुल हो गई। हादसे में गनीमत यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ।

जेसीबी से तार फंसा, गिरे तीन पोल

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे गली में जलभराव की समस्या को देखते हुए स्थानीय पार्षद की मौजूदगी में मिट्टी डालने का काम चल रहा था। करीब 10:30 बजे जेसीबी का पिछला हिस्सा बिजली के तार में फंस गया। तार खिंचने से पहले एक खंभा गिरा, फिर शॉर्ट सर्किट के कारण उससे जुड़े दो और खंभे भी धड़ाम से गिर पड़े। अचानक हुए इस हादसे से आसपास अफरातफरी मच गई। घटना के समय सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति और उसकी स्कूल से लौट रही बच्ची चपेट में आते-आते बच गए। गनीमत रही कि वे कुछ कदम की दूरी पर थे और सुरक्षित निकल गए। हादसे की पूरी तस्वीर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

100 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित

तीन खंभे गिरने से पूरे इलाके की बिजली ठप हो गई। स्थानीय निवासी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि जेसीबी चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। वहीं, एक अन्य निवासी ओंकार नाथ सिंह ने कहा कि अगर लोग उस समय खंभों के पास होते तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। फिलहाल बिजली न होने से मोहल्ले के करीब 100 घरों में लोग परेशान हैं।

निगम ने शुरू किया मरम्मत कार्य

सूचना पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नए खंभे लगाने का काम शुरू कर दिया। शाहपुर के एसडीओ वीके जायसवाल ने बताया कि हादसा सुबह 10:30 बजे के आसपास हुआ। जेई की तहरीर पर जेसीबी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई गई है।

Also Read: ‘रोज़गार महाकुंभ’ से 50 हजार से ज़्यादा युवाओं को मिलेगी नौकरी, सीएम योगी की नई पहल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.