गोरखपुर में चलती ट्रेन से उड़े 500 के नोट, रेलवे स्टेशन पर मची लूटने की होड़

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में गुरुवार सुबह अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। पीपीगंज रेलवे स्टेशन से एक एक्सप्रेस ट्रेन गुजर रही थी। इसी दौरान चलती ट्रेन से 500-500 रुपये के नोट हवा में उड़ने लगे। स्टेशन पर मौजूद यात्री और स्थानीय लोग यह देखकर हैरान रह गए।

जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर से मुंबई के पनवेल जा रही एक्सप्रेस ट्रेन करीब सुबह 6 बजे पीपीगंज स्टेशन से गुजरी। इस ट्रेन का स्टेशन पर ठहराव नहीं था। इसी दौरान ट्रेन से एक पैकेट नीचे गिरा।

पैकेट फटा तो ट्रैक पर बिखर गए गुलाबी नोट

बताया जा रहा है कि पैकेट में पॉलीथिन के अंदर 500 रुपये के नोटों की गड्डी रखी थी। ट्रेन की रफ्तार ज्यादा होने के कारण पैकेट जमीन पर गिरते ही फट गया। इसके बाद नोट हवा में उड़कर स्टेशन और रेलवे ट्रैक पर फैल गए।

नोटों को देखते ही वहां मौजूद लोगों में उन्हें बटोरने की होड़ लग गई। कई लोग अपनी जान की परवाह किए बिना ट्रैक की ओर दौड़ पड़े। जिसे जितने नोट मिले, वह उन्हें उठाकर वहां से चला गया।

किसने फेंका पैकेट, नहीं मिला जवाब

सूत्रों के अनुसार, ट्रेन में बैठे किसी यात्री ने स्टेशन पर मौजूद परिचित को पैसे देने के लिए यह तरीका अपनाया था। माना जा रहा है कि यात्री ने चलती ट्रेन से पैकेट नीचे फेंका था। लेकिन तेज रफ्तार के कारण पैकेट सही जगह नहीं गिरा।

घटना के बाद न यात्री सामने आया और न ही पैसे लेने वाला व्यक्ति मिला। कुल कितनी रकम थी, इसका भी पता नहीं चल सका है। फिलहाल GRP, RPF और स्थानीय पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.