Gorakhpur News: जेल में बंद भाई से मिलने गए युवक का अपहरण, एक्सप्रेसवे पर मारपीट कर फेंका, 4 गिरफ्तार
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से शनिवार को एक फिल्मी अंदाज में अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई। जिला जेल में बंद अपने भाई से मुलाकात करने पहुंचे एक युवक को कुछ दबंगों ने काली थार गाड़ी में जबरन अगवा कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया है।
मां के सामने से उठा ले गए दबंग
घटना शनिवार की है। खोराबार क्षेत्र के भैंसहा बाढ़न निवासी 20 वर्षीय अमन कुमार राव अपनी मां सीमा देवी के साथ जिला जेल पहुंचा था। वह जेल में बंद अपने भाई हर्ष से मिलने आया था। आरोप है कि तभी वहां काली थार से जंगल अयोध्या प्रसाद निवासी निगम भारती अपने साथियों के साथ पहुंचा। दबंगों ने मां के सामने ही अमन को जबरन गाड़ी में खींच लिया और फरार हो गए।
अमन की मां के शोर मचाने पर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इधर, अपहरणकर्ताओं ने अमन का मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। पुलिस के बढ़ते दबाव को देख आरोपी अमन को सिकरीगंज लिंक एक्सप्रेसवे पर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने घेराबंदी कर इस मामले में चार मुख्य आरोपियों निगम भारती, श्याम सुंदर (खोराबार), शैलेंद्र निषाद, शुभम यादव (बांसगांव) को हिरासत में लिया है।
60 हजार रुपये का विवाद बना वजह
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में मामला आपसी लेनदेन का निकलकर सामने आया है। दरअसल, अमन और मुख्य आरोपी निगम भारती के बीच 60 हजार रुपये को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
Also Read: बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के घर में हुई लाखों की चोरी, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

