हमीरपुर में वृद्धा पेंशन योजना में बड़ा खुलासा, 904 मृतकों के नाम पर जा रहा था सरकारी पैसा
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में वृद्धावस्था पेंशन योजना के सत्यापन अभियान के दौरान एक बड़ा मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि 904 ऐसे लाभार्थियों के खातों में पेंशन की राशि भेजी जा रही थी, जिनकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। यह मामला सामने आने के बाद जिले से लेकर पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, जिले में कुल 53,943 बुजुर्ग वर्तमान में वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रहे हैं। पात्र और अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए पिछले दो महीनों से विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था।
दो महीने की जांच में सामने आई गड़बड़ी
तत्कालीन जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देश पर की गई जांच में यह खुलासा हुआ कि कई मामलों में लाभार्थियों की मृत्यु के बाद भी उनकी पेंशन जारी रही। इसकी मुख्य वजह यह रही कि समय पर मौत की जानकारी विभाग और बैंकों तक नहीं पहुंच पाई, जिससे भुगतान जारी रहा।
27 लाख रुपये सरकारी खाते में होंगे वापस
जांच में सामने आया कि मृत लाभार्थियों के खातों में करीब 27 लाख रुपये की राशि जमा हो चुकी है। अब इन सभी लाभार्थियों की पेंशन रोक दी गई है और राशि वापस सरकारी खजाने में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने सभी 904 मामलों की सूची संबंधित बैंकों को भेज दी है ताकि रिकवरी प्रक्रिया तेज हो सके।
जिला समाज कल्याण अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन योजना में किसी भी नॉमिनी को राशि देने का प्रावधान नहीं है। केवल जीवित और सत्यापित लाभार्थियों को ही पेंशन मिलती है। विभाग अब पूरे सिस्टम की समीक्षा कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी गड़बड़ियां दोबारा न हों।

