लखनऊ में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का भव्य लोकार्पण, पीएम मोदी करेंगे 65 फीट ऊंची प्रतिमाओं का अनावरण

Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को एक ऐतिहासिक सौगात देंगे। बसंतकुंज योजना के तहत 65 एकड़ में फैले भव्य ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का लोकार्पण प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। लगभग 232 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्थल का निर्माण कार्य दिसंबर 2022 में शुरू हुआ था, जो अब राष्ट्र को समर्पित होने के लिए तैयार है।

प्रमुख आकर्षण: तीन महापुरुषों की विशाल प्रतिमाएं

राष्ट्र प्रेरणा स्थल के केंद्र में तीन महान विभूतियों की 65 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।

पंडित दीन दयाल उपाध्याय: इस प्रतिमा का निर्माण ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ बनाने वाले प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने किया है।

अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी: इन प्रतिमाओं को मूर्तिकार माटू राम ने तैयार किया है। इन तीनों प्रतिमाओं के निर्माण पर कुल 21 करोड़ रुपये का खर्च आया है।

डिजिटल म्यूजियम और गैलरी

लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री परिसर में बने अत्याधुनिक म्यूजियम का भ्रमण करेंगे। यहाँ डिजिटल माध्यम से इन राष्ट्र नायकों का जीवन परिचय दिखाया जाएगा। इसके अलावा परिसर में भारत माता, जनसंघ के प्रतीक ‘दीपक’ और सुदर्शन चक्र की विशेष गैलरियां भी बनाई गई हैं, जहाँ महापुरुषों से जुड़ी वस्तुओं को संजोया गया है।

सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम

प्रधानमंत्री के दौरे और करीब डेढ़ लाख लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। एनएसजी, एटीएस और एंटी-ड्रोन टीमों के साथ 7000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं।

ट्रैफिक डायवर्जन: लखनऊ के मलीहाबाद, दुबग्गा और सीतापुर रोड सहित बाहरी जिलों (कानपुर, हरदोई, रायबरेली) से आने वाले भारी वाहनों के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।

कार्यक्रम स्थल पर आने वाली भीड़ के लिए 2600 बसों और 2000 कारों के लिए कुल 13 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। तो वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.