Siddharthnagar News: भीमापार में भागवत कथा का भव्य शंखनाद, श्रीसिहेंश्वरी देवी मंदिर तक निकली भव्य कलश यात्रा
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर के भीमापार इलाके में रविवार से श्रीमद्भागवत कथा रसोत्सव का बेहद धार्मिक और भक्तिमय माहौल में आगाज हो गया है। भीमापार स्थित श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर से धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन एक भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा नगर के सुप्रसिद्ध और सिद्धपीठ श्रीसिहेंश्वरी देवी मंदिर तक पहुँची, जिसमें हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।
मंगल कलश और भगवा ध्वज के साथ झूमे श्रद्धालु
कथा व्यास हितायुष (राधावल्लभ नागाजी) के पावन सानिध्य में शुरू हुई इस कलश यात्रा में महिलाएं अपने सिर पर मंगल कलश धारण कर भजन-कीर्तन करती हुई चल रही थीं। दूसरी ओर, पुरुष श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज थामे जय श्री राधे-श्याम और हरिनाम संकीर्तन के जयकारों पर झूमते-नाचते नजर आए। यात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह पर नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया।

8 दिनों तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठान
आयोजक समिति के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री राधा कृष्ण मंदिर के निर्माण और भगवान की प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने के उपलक्ष्य में इस भव्य श्रीमद्भागवत कथा रसोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान 24 मई से शुरू होकर 31 मई तक अनवरत चलेगा। कथा व्यास हितायुष जी प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालुओं को संगीतमय भागवत कथा श्रवण कराएंगे। आगामी 31 मई को पूर्णाहुति, महाहवन और एक विशाल भंडारे (प्रसाद वितरण) के साथ इस धार्मिक उत्सव का समापन होगा।
इस भव्य कलश यात्रा की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में राजेश मणि त्रिपाठी, प्रेम पांडेय, परमेश त्रिपाठी, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, रंजनेश धर दुबे, जटाशंकर पांडेय, ओपी मिश्रा और दिनेश त्रिपाठी जैसे प्रबुद्ध जन जुटे रहे। वहीं, यात्रा में भाजपा नेता सत्य प्रकाश राही, दिनेश मिश्रा, गणेश तिवारी, सुभाष तिवारी, विनय श्रीवास्तव, मदन त्रिपाठी, राजकुमार शर्मा, संजय दुबे और अजय मिश्रा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
रिपोर्ट- जाकिर खान

