Bareilly News: गुदड़ बाग मंदिर परिसर में सेवा सेतु अभियान का हुआ भव्य शुभारंभ
Bareilly News: बरेली नगर के गुदड़ बाग स्थित मंदिर परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की थीम-9 ‘सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार’ सेवा शिविर का रविवार को भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष शिविर का उद्घाटन प्रदेश के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रशासनिक विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक को जनकल्याणकारी योजनाओं की पूरी जानकारी दी जाए। साथ ही, मौके पर प्राप्त होने वाले शिकायत पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर तुरंत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शादी अनुदान, गोदभराई और अन्नप्राशन
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित ‘शादी अनुदान योजना’ के तहत गरीब एवं असहाय परिवारों की महिलाओं के विवाह हेतु 20 हजार रुपये का स्वीकृति पत्र अतिथियों के हाथों प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया।
पात्र लाभार्थियों का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण
शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया और पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण किया। जिलाधिकारी ने सभी स्टॉल्स का निरीक्षण कर अब तक पंजीकृत हुए लाभार्थियों के आंकड़ों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं की सराहना की।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

