कुशीनगर में महर्षि वाल्मीकि जयंती की भव्य तैयारी, मंदिरों में होगा अखंड रामायण पाठ, नोडल अधिकारी नियुक्त
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद कुशीनगर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारी तेज हो गई है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में इस संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
8, 12 या 24 घंटे का होगा अखंड पाठ
जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए शासन की गाइडलाइन के अनुसार व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। इसका उद्देश्य वाल्मीकि रामायण में निहित मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रीय मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।
महर्षि वाल्मीकि से संबंधित स्थलों और मंदिरों पर दीप प्रज्वलन, दीपदान के साथ-साथ 8, 12 अथवा 24 घंटे का वाल्मीकि रामायण का अखंड पाठ आयोजित किया जाएगा। नामित नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कराएँ और संबंधित तस्वीरें/वीडियो सांस्कृतिक विभाग के मेल आईडी पर भेजना सुनिश्चित करें।
सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रशासन का ध्यान
जिला प्रशासन द्वारा सभी आयोजन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, ध्वनि, प्रकाश और दरी बिछावन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी आयोजन स्थलों पर कार्यक्रम संपन्न कराने से पूर्व सक्षम स्तर से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, उप जिलाधिकारी और पर्यटन अधिकारी प्राण रंजन सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: पुनर्जीवित होंगी कुशीनगर की बांसी और हिरण्यवती नदियां, 8 अक्टूबर को महा-श्रमदान की योजना तैयार

