ग्रेटर नोएडा: कपिल देव के साथ CM योगी ने किया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का आगाज
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में केडीएसजी (KDSG) सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य सेवाओं की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि एक मरीज के लिए डॉक्टर का भरोसा किसी भी दवा से बड़ा होता है।

डॉक्टर का व्यवहार: आधी बीमारी का इलाज
सीएम योगी ने क्रिकेट का दिलचस्प उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह मैदान पर कपिल देव की मौजूदगी मात्र से विपक्षी टीम (पाकिस्तान) का हौसला टूट जाता था, उसी तरह अगर डॉक्टर का व्यवहार मानवीय और सहानुभूतिपूर्ण हो, तो मरीज की आधी बीमारी उसे देखते ही ठीक हो जाती है। उन्होंने कहा कि जब विश्वास होता है, तो ‘दवा’ के साथ-साथ ‘दुआ’ भी काम करने लगती है।

यूपी बना ‘गोल्डन कार्ड’ में नंबर-1
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत उत्तर प्रदेश ने अब तक 5 करोड़ 60 लाख से अधिक गोल्डन कार्ड बनाकर देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। साल 2014 से पहले देश में केवल 6 एम्स थे, लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में आज यह संख्या बढ़कर 23 हो गई है। सीएम ने जोर दिया कि स्वास्थ्य सेवा ‘सही, सस्ती और विश्वसनीय’ होनी चाहिए।

“माफिया राज से मेडिकल कॉलेज तक का सफर”
पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” का बोलबाला था और शासन उनके सामने नतमस्तक रहता था। लेकिन आज प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। “आज का यूपी ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ की पहचान के साथ विकास के ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में आगे बढ़ रहा है।”

रोजगार और निवेश का केंद्र बना गौतम बुद्ध नगर
सीएम ने बताया कि इस 300 बेड के अस्पताल से करीब 1000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। उन्होंने जिले की प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का 55% उत्पादन अकेले इसी जनपद में हो रहा है। यहाँ जल्द ही देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट (जेवर) शुरू होने वाला है।
अस्पताल की खासियतः विश्वस्तरीय सुविधाएं
कपिल देव और सुनील गुप्ता द्वारा स्थापित इस अस्पताल का संचालन ‘डीवाई पाटिल हेल्थकेयर’ करेगा।
सुविधाएं: अत्याधुनिक मॉड्यूलर ओटी, कैथ लैब, ट्रॉमा सेंटर और रेडियोलॉजी।
स्पेशियलिटी: कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी (कैंसर), न्यूरोसर्जरी और नेफ्रोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का यहाँ आधुनिक इलाज होगा।
Also Read: लखनऊ: युवक की चाकू मारकर हत्या, मां और दो बच्चों ने मिलकर वारदात को दिया अंजाम, गिरफ्तार

