ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण आपस में टकराए 15 से 20 वाहन, कई घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली-एनसीआर में पड़ रहे घने कोहरे ने शनिवार सुबह ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा करवा दिया। सुबह करीब 9 बजे दादरी थाना क्षेत्र के चक्रसेनपुर गांव के पास कम दृश्यता के चलते 15 से 20 वाहन आपस में टकरा गए। इस बहु-वाहन टक्कर में कई लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, लेकिन कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि यह हादसा तब शुरू हुआ जब आगे चल रहे एक ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी। इसके बाद, पीछे से तेज गति में आ रहे लगभग 15 से 20 वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। इस टक्कर में एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियाँ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में 8 से 10 लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। कई लोग अपने वाहनों के साथ मौके से रवाना हो गए। चक्रसेनपुर गाँव के मिंटू ने बताया कि गाँव के लोगों ने तुरंत पेरिफेरल पर पहुँचकर शोर मचाया और अन्य वाहनों को नियंत्रित करने में मदद की, जिससे दुर्घटना की भयावहता कम हुई।

एक्सप्रेसवे पर लगा भीषण जाम

हादसे के बाद ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और टोल मैनेजमेंट टीम मौके पर पहुँची। उन्होंने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाना शुरू किया और यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया। सीओ सिटी ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता बहुत कम थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

Also Read: ICC और जियोस्टार का रिश्ता बरकरार, T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अटकलों पर लगा विराम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.