ग्रेटर नोएडा में हाई-वोल्टेज ड्रामा, शादी की जिद पर 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा आशिक

Greater Noida News: फिल्म शोले का वह सीन तो आपको याद ही होगा जिसमें धर्मेंद्र शादी के लिए पानी की टंकी पर चढ़ जाते हैं। कुछ वैसा ही नजारा ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में देखने को मिला। यहाँ एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद लेकर 50 फीट ऊंचे हाई-टेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे तक चले इस ‘हाई-वोल्टेज ड्रामे’ ने पुलिस और गांव वालों को हलकान कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान बुलंदशहर निवासी पंकज के रूप में हुई है। पंकज सूरजपुर के एक होटल में काम करता है। बताया जा रहा है कि वह एक युवती से बेहद प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन जब युवती और उसके परिजनों ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया, तो पंकज तनाव में आ गया और उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

3 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना दादरी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव की है। पंकज जब टावर के ऊपरी हिस्से पर जा बैठा, तो वहां भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिसकर्मियों ने लाउडस्पीकर के जरिए उसे नीचे उतरने को कहा, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। मामला बढ़ता देख पुलिस ने युवती के पिता को भी मौके पर बुलवाया।

काफी देर तक चली मान-मनौव्वल और युवती के परिवार से बातचीत कराने के आश्वासन के बाद पंकज नीचे उतरने के लिए राजी हुआ। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा और तुरंत हिरासत में ले लिया। गनीमत यह रही कि उस वक्त लाइन में करंट का खतरा टल गया और कोई अनहोनी नहीं हुई।

पुलिस का क्या कहना है? दादरी पुलिस का कहना है कि युवक अभी काफी तनाव में है, इसलिए उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसने पहले भी ऐसी कोई धमकी दी थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है।

Also Read: अल्मोड़ा में भिकियासैंण के पास खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 7 लोगों की मौत की आशंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.