Greater Noida: बेटी होने पर ताने देने के कारण महिला ने की आत्महत्या, पति-सास गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के लखनावली गांव में 22 सितम्बर को एक महिला ने ससुराल में पति और सास द्वारा लगातार पिटाई और तानों से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मामले में मृतका के भाई द्वारा सूरजपुर कोतवाली में FIR दर्ज कराई गई थी। शनिवार को पुलिस ने आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका रितु की बहन अंकित तोमर सीआईएसएफ में तैनात हैं। परिजनों का आरोप है कि रितु को दहेज और बेटियों के होने के कारण लगातार परेशान किया जा रहा था। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले का विवरण
रितु की शादी 2014 में बागपत निवासी सोनू मलिक से हुई थी, जो वर्तमान में सूरजपुर में सीआईएसएफ में आरक्षी हैं। सोमवार को रितु ने पति और सास पर मारपीट का आरोप लगाया था और अचानक उसका फोन काट गया। मायके पक्ष के लोग जब पहुंचे तो रितु को कैलाश अस्पताल में मृत पाया गया। पुलिस ने वर्तमान में सूरजपुर निवासी सोनू मलिक और शकुंतला को गिरफ्तार कर लिया है।
दहेज और बेटी होने के कारण होती थी प्रताड़ना
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रितु पर दहेज और दो बेटियां पैदा करने के कारण ससुराल पक्ष के लोग ताने मारते थे। आरोपित पति और सास को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है।
मृतका की दोनों बेटियां मायके में हैं और घटना के बाद बेहद परेशान हैं। क्षेत्र में भी लोग इस घटना पर हैरानी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

