संभल में टैक्स विभाग की रेड, ज्वैलर के पास मिली 33 करोड़ की ‘बिना हिसाब’ वाली ज्वैलरी
संभल: सोने और चांदी की आसमान छूती कीमतों के बीच टैक्स चोरी करने वालों पर राज्य कर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। संभल जिले में विभाग ने एक नामी सर्राफ के शोरूम और घर पर छापेमारी कर करीब 33 करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति (सोना, चांदी और हीरा) बरामद की है। मौके पर ही ज्वैलर से 1.20 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
एक महीने की ‘रेकी’ के बाद पड़ा छापा
राज्य कर विभाग को पिछले काफी समय से गुप्त सूचना मिल रही थी कि कुछ व्यापारी ऊंचे दामों का फायदा उठाने के लिए बिना पक्के बिल के बड़े पैमाने पर खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। अपर आयुक्त आरए सेठ के निर्देश पर करीब एक महीने तक ज्वैलर की गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुख्ता सबूत मिलने के बाद 4 फरवरी को मुरादाबाद जोन की 10 सदस्यीय टीम ने दोपहर एक बजे एक साथ शोरूम और घर पर धावा बोला।
रजिस्टर में ‘ग्राम’, तिजोरी में निकला ‘किलोग्राम’
जब जांच टीम ने स्टॉक रजिस्टर की जांच की, तो आंकड़ों में जमीन-आसमान का अंतर मिला।
कागजों पर: सिर्फ 439 ग्राम सोना और 120 किलो चांदी दर्ज थी।
मौके पर क्या मिला: जांच में 16.638 किलो सोने की ज्वैलरी, 875 किलो चांदी और 34.43 कैरेट हीरा बरामद हुआ। ज्वैलर इस भारी-भरकम स्टॉक के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या पक्का बिल पेश नहीं कर सका। 21 घंटे तक चली इस कार्रवाई के बाद पूरे माल को सीज कर दिया गया है।
मोबाइल और डायरियों में छिपे हैं और भी राज
अधिकारियों ने मौके से कई ऐसे कच्चे पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें करोड़ों के लेन-देन का कच्चा चिट्ठा मौजूद है। विभाग का मानना है कि मोबाइल डेटा की जांच के बाद कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस छापेमारी से जिले के अन्य व्यापारियों में भी दहशत का माहौल है।
इस सफल ऑपरेशन में उपायुक्त बामदेव त्रिपाठी, उत्तम तिवारी और सहायक आयुक्त रणंजय यादव सहित 10 अधिकारियों की टीम शामिल रही।
Also Read: UP News: 2 साल में 1 लाख से ज्यादा लोग लापता, हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान

