गुजरात ATS ने नाकाम की बड़ी साजिश, अल कायदा के 4 आतंकी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात एटीएस (ATS) ने आतंक के एक बड़े जाल का भंडाफोड़ करते हुए अल कायदा की भारतीय शाखा AQIS (Al Qaeda in Indian Subcontinent) से जुड़े चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। समय रहते उठाए गए इस कदम को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

अलग-अलग राज्यों से दबोचे गए आरोपी

गुजरात एटीएस के मुताबिक, पकड़े गए चारों आरोपियों में से दो को गुजरात, एक को दिल्ली और एक को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। सभी की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है और ये देश में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • सैफुल्लाह कुरैशी (पिता: मोहम्मद रफीक)
  • मोहम्मद फर्दीन (पिता: मोहम्मद रईस)
  • मोहम्मद फैक (पिता: मोहम्मद रिजवान)
  • ज़ीशान अली

सोशल मीडिया के जरिए जुड़ा था नेटवर्क

ATS अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा मॉड्यूल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के ज़रिए आपस में जुड़ा हुआ था और इन्हें कुछ बेहद संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इनका संपर्क सीमा पार बैठे आतंकियों से भी था।

डीआईजी ने दिए संकेत- जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा

गुजरात एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी ने बताया कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस ऑपरेशन को लेकर एक विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी। एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इन आतंकियों को फंडिंग और ट्रेनिंग कहां से मिल रही थी, और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

जांच एजेंसियों को शक है कि इन चारों का मकसद देश में दहशत फैलाना और भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाना था। गिरफ्तारी के बाद इनके पास से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है, जिसकी फॉरेंसिक जांच जारी है।

फिलहाल गुजरात एटीएस और केंद्रीय एजेंसियां इस मॉड्यूल से जुड़े बाकी तारों को जोड़ने में जुटी हैं। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं और कुछ और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

 

Also Read: Lucknow News: फर्जी बेटिंग रैकेट चलाने वाले 16 गिरफ्तार, 1 करोड़ से ज़्यादा कैश बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.