UP News: CM योगी ने गीडा को दी 2251 करोड़ की सौगात, सपा पर साधा निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में 2251 करोड़ रुपये की निवेश और विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि व्यापारियों से ‘गुंडा टैक्स’ वसूलना समाजवादी सरकार का संस्कार था। उन्होंने यह भी कहा कि अब अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा, तो अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार करते मिलेंगे।

गीडा के प्लास्टिक पार्क में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में निवेश एक सपना था। उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा का माहौल होता है, तभी निवेश आता है, जिससे रोजगार और समृद्धि के रास्ते खुलते हैं। उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जाति के नाम पर समाज को बांटने और प्रदेश को दंगों की आग में झोंकने वाले लोग कभी विकास नहीं करा सकते।
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर व्यापारियों से वसूली और गुंडा टैक्स लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में बिजली मुश्किल से आती थी, वे अराजकता फैलाते थे और समाज में वैमनस्यता पैदा करते थे। उन्होंने कहा कि आज सरकार की स्पष्ट नीति और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का ही नतीजा है कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है, जिससे 60 लाख लोगों को रोजगार मिला है।

‘हर जिले में बनेगा एंप्लॉयमेंट जोन’
मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार हर जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर 100 एकड़ में ‘एंप्लॉयमेंट जोन’ बनाएगी, जहाँ युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में 60 हजार पुलिसकर्मियों और 2538 मुख्य सेविकाओं की भर्ती हुई है, और आगे भी नई भर्तियां आने वाली हैं। गीडा की नई परियोजनाओं से ही 15,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा।

पीएम की मां का अपमान, हर भारतीय का अपमान
पीएम मोदी की मां के खिलाफ बिहार में दिए गए अपमानजनक बयान पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह राजनीति के पतन का सबसे बुरा स्तर है। उन्होंने कहा कि किसी भी मां के लिए ऐसे शब्द का इस्तेमाल करना हर मां और 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है।
इस कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और अब विकास सिर्फ एक खास जगह तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में हो रहा है।
Also Read: Lucknow News: लखनऊ एयरपोर्ट बना ड्रग्स तस्करी का हॉटस्पॉट! कस्टम ने पकड़ी 13 करोड़ की खेप

