ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर यूपी में सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोकझोंक
UP News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। सपा महानगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी के नेतृत्व में छात्र सभा, महिला सभा और यूथ ब्रिगेड के सैकड़ों कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
कार्यकर्ताओं ने जुलूस के रूप में मार्च निकाला। उनके हाथों में तख्तियां और बैनर थे। प्रदर्शन के दौरान “वोट चोर गद्दी छोड़ो” और “लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारे लगाए गए।
सपा नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच अविश्वास का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि इसे दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
कांग्रेस ने काली पट्टी बांधकर निकाला पैदल मार्च
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार दोपहर लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक जुटे। समर्थकों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ प्रदर्शन किया।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “संविधान बचाने के खातिर हम लोग यहां एकत्र हुए हैं। वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।”
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने कहा कि वे दिल्ली में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ हुई कथित बर्बरता के विरोध में काला दिवस मना रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं।
बैरिकेडिंग को लेकर पुलिस से नोकझोंक
दोपहर करीब तीन बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च शुरू किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस समर्थकों के बीच नोकझोंक हुई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। लखनऊ की पार्षद ममता चौधरी ने कहा, “अब ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा।”
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि कार्यकर्ता विरोध दर्ज कराने के लिए पैदल मार्च करते हुए गांधी प्रतिमा तक जाने वाले थे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करती रहीं।
Also Read: गोंडा में 25 दरोगाओं का बड़ा फेरबदल, बदले गए कई चौकी प्रभारी, देखें पूरी सूची

