Swine Flue: पूरे UP में मुफ्त होगी H1N1 जांच, योगी सरकार ने अस्पतालों को दिए सख्त निर्देश
Swine Flue in UP: उत्तर प्रदेश में इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) यानी स्वाइन फ्लू और मौसमी बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए योगी सरकार ने निगरानी और इलाज को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, जिला अस्पतालों, CHC, PHC और मेडिकल कॉलेजों में H1N1 की जांच पूरी तरह मुफ्त करने के निर्देश दिए हैं।
2 सितंबर तक प्रदेश में लैब से पुष्टि किए गए 685 H1N1 मामले सामने आ चुके हैं। सरकार ने निजी अस्पतालों और लैब्स को भी तय शुल्क से ज्यादा वसूली नहीं करने की हिदायत दी है।
घर-घर होगी स्क्रीनिंग, बुजुर्गों और बच्चों पर खास नजर
मुख्यमंत्री ने ASHA, ANM और स्वास्थ्यकर्मियों के जरिए घर-घर स्क्रीनिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की विशेष निगरानी होगी।
अस्पतालों में मरीजों के लिए अलग काउंटर और हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे, जबकि गंभीर मरीजों के लिए विशेष ICU की व्यवस्था रहेगी। सामान्य लक्षण वाले मरीजों को जरूरत के अनुसार होम आइसोलेशन की सलाह दी जाएगी।
RT-PCR किट और दवाओं का पर्याप्त स्टॉक
SGPGI, KGMU और डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान के विशेषज्ञों ने बताया कि प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में RT-PCR किट, ओसेल्टामिविर कैप्सूल/सिरप और H1N1 वैक्सीन उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने टेलीकंसल्टेशन व्यवस्था को भी मजबूत करने को कहा है।
सरकार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सांस लेने में परेशानी, छाती में दर्द, अत्यधिक सुस्ती, लो ब्लड प्रेशर या बलगम में खून जैसे लक्षण दिखने पर मरीज को तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर हैंड हाइजीन और मास्क को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
Also Read: आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकालना आसान नहीं, सरकार की मंजूरी जरूरी, CM योगी का ऐलान

