भारत पर हमले की तैयारी में है हाफिज सईद, लश्कर कमांडर ने किया दावा

Sandesh Wahak Digital Desk: लश्कर-ए-तैय्यबा के कमांडर सैफुल्लाह सैफ का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने दावा किया है कि आतंकी सरगना हाफिज सईद (Hafiz Saeed) भारत पर हमले की तैयारी कर रहा है। यह वीडियो 30 अक्टूबर को पाकिस्तान के खैरपुर तमीवाली में हुई एक रैली का बताया जा रहा है। वीडियो में सैफुल्लाह खुले तौर पर कहता दिखाई दे रहा है कि अब भारत पर हमला बांग्लादेश के रास्ते से किया जाएगा।

बांग्लादेश के जरिये भारत पर हमले की साजिश

दरअसल वीडियो में सैफुल्लाह सैफ कहता है, हाफिज सईद चुप नहीं बैठा है, वह भारत पर हमले के लिए बांग्लादेश मार्ग का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। उसने दावा किया कि पूर्वी पाकिस्तान यानी बांग्लादेश में लश्कर के कई लोग सक्रिय हैं, जो भारत के खिलाफ जिहादी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में हैं।

स्थानीय युवाओं को दे रहा आतंकी प्रशिक्षण

सैफुल्लाह ने यह भी कहा कि उसका एक सहयोगी बांग्लादेश भेजा गया है, जो वहां के युवाओं को जिहाद के लिए तैयार कर रहा है और उन्हें आतंकी प्रशिक्षण दे रहा है। उसके मुताबिक, बांग्लादेश अब भारत के खिलाफ साजिशों का नया लॉन्चपैड बनता जा रहा है।

वहीं इस वीडियो में बच्चों की मौजूदगी भी दिखाई दी, जिससे यह संकेत मिलता है कि आतंकी संगठन अपने एजेंडे के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल कर रहे हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह बेहद चिंताजनक है, क्योंकि अब कट्टरपंथी विचारधारा बच्चों तक पहुंचाई जा रही है।

पाकिस्तान सेना की तारीफ

अपने भाषण में सैफुल्लाह ने पाकिस्तान सेना की तारीफ करते हुए कहा कि, 9-10 मई की रात के बाद पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की। उसने यह भी दावा किया कि अमेरिका और बांग्लादेश कथित रूप से पाकिस्तान के करीब आ रहे हैं।

हालांकि, यह सभी बातें सैफुल्लाह के दावों और वायरल वीडियो पर आधारित हैं। इन गंभीर आरोपों की स्वतंत्र जांच और आधिकारिक पुष्टि अभी जरूरी है।वीडियो सामने आने के बाद भारत की सुरक्षा एजेंसियों और विदेश नीति से जुड़े विभागों के लिए यह एक बड़ा सतर्कता संकेत बन सकता है।

 

Also Read: UP के सभी स्कूलों में अनिवार्य होगा वंदे मातरम: CM योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.