Jaunpur News: इंजेक्शन लगने से 8 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने मेडिकल स्टोर में लगाई आग

Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले तेजीबाजार थाना क्षेत्र के हैदरपुर बाजार में गुरुवार शाम उस समय बवाल मच गया जब एक मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा सुई लगाए जाने के बाद 8 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। गुस्साई भीड़ ने मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ की और संचालक के घर में आग लगा दी। मौके पर हालात तनावपूर्ण बने रहे।

घटना का विवरण

हैदरपुर गांव निवासी शिवपूजन यादव का आठ वर्षीय पुत्र युग यादव गुरुवार शाम करीब 6 बजे पेट दर्द की शिकायत पर गांव स्थित देवी मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गया था।

परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने बिना डॉक्टरी पर्चे और योग्यता के उसे इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद युग की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। लोगों ने बच्चे के शव को सड़क पर रख बक्शा–तेजीबाजार–लोहिंदा मार्ग पर जाम लगा दिया।

इसी दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने मेडिकल स्टोर में जमकर तोड़फोड़ की।

घर, कार और बाइक फूंकी

देखते ही देखते विवाद बढ़ा और भीड़ ने मेडिकल स्टोर संचालक के घर में आग लगा दी। घर के बाहर खड़ी कार व बाइक भी आग के हवाले कर दी गईं। जलती लपटों और उठते धुएं से बाजार में हड़कंप मच गया।

कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात

सूचना पर तेजीबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति बेकाबू होती देख बक्शा, बदलापुर, सिकरारा सहित चार थानों की पुलिस बुलानी पड़ी।

सीओ सदर परमानंद कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया।

पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

स्थिति नियंत्रण में, जांच शुरू

पुलिस ने देर रात सड़क जाम खुलवाया और भीड़ को मौके से हटाया। इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति अब नियंत्रण में है।

बच्चे की मौत के मामले में जांच की जा रही है। मेडिकल स्टोर संचालक फरार बताया जा रहा है।

Also Read: UP: 64 किलो अवैध गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.