Lucknow: थाने के पास हकीम चला रहा था हथियारों की फैक्ट्री, 300 राइफल-पिस्टल, 50000 कारतूस मिले
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मोहर्रम से ठीक एक दिन पहले मलिहाबाद थाने से महज 100 मीटर दूरी पर एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने 72 वर्षीय हकीम सलाहुद्दीन उर्फ लाला के घर पर छापा मारकर 300 अवैध हथियार और करीब 50,000 कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी में कुछ विदेशी हथियार और बारहसिंघा की खाल जैसी आपत्तिजनक चीजें भी शामिल हैं।
कैसे हुआ खुलासा
गुरुवार देर शाम तीन थानों की पुलिस फोर्स मलिहाबाद, रहीमाबाद और माल थाने की टीम ने संयुक्त रूप से सलाहुद्दीन के घर पर छापा मारा। छापे के दौरान हकीम, उसकी पत्नी और बेटी के साथ एक युवक ओवैस भी मौजूद मिला। घर की तलाशी में जबरदस्त खुलासे हुए। ड्रिल मशीने, हथियारों के ढेर और कारतूस से भरी 20 बोरियां बरामद हुईं।
पुलिस ने कहा है कि यह हथियार फैक्ट्री लंबे समय से गुपचुप तरीके से चलाई जा रही थी और हकीम के पास से बरामद कई हथियार उसकी शौकिया कलेक्शन का हिस्सा भी हैं। पुलिस और यूपी एटीएस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। एडीसीपी जितेंद्र दुबे ने बताया कि सलाहुद्दीन से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क की तलाश की जा रही है। जांच के दायरे में यह भी है कि कहीं इन हथियारों का इस्तेमाल मोहर्रम से पहले किसी बड़ी साजिश में तो नहीं होना था।
Also Read: हिंदी के मुद्दे पर ठाकरे बंधु एकजुट, महाराष्ट्र में होगा बड़ा आंदोलन

