हमास ने ट्रंप के 20 सूत्रीय प्लान को दी सहमति, PM मोदी ने अमेरिकी नेतृत्व को सराहा

Sandesh Wahak Digital Desk: गाजा पट्टी में चल रहे संघर्ष को रोकने की दिशा में एक बड़ी खबर सामने आई है। फिलिस्तीनी समूह हमास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 20 सूत्रीय शांति प्रस्ताव पर बातचीत करने के लिए सहमति दे दी है। इस महत्वपूर्ण प्रगति के बाद, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजा में शांति स्थापित करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रयासों की खुलकर सराहना की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, गाजा में शांति प्रयासों में निर्णायक प्रगति के लिए हम राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व का स्वागत करते हैं। बंधकों की रिहाई के संकेत एक महत्वपूर्ण कदम है। भारत स्थायी और न्यायसंगत शांति की दिशा में सभी प्रयासों का दृढ़ता से समर्थन करता रहेगा।

इससे पहले भी पीएम मोदी ने ट्रंप की इस व्यापक योजना का स्वागत करते हुए कहा था कि यह फिलिस्तीनी और इजरायली लोगों के साथ-साथ पूरे पश्चिम एशियाई क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक और स्थायी शांति का मार्ग प्रदान करता है।

हमास की सहमति के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि हमास की प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए, इजरायल सभी बंधकों की शीघ्र रिहाई के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की योजना के पहले चरण के तत्काल कार्यान्वयन की तैयारी कर रहा है। नेतन्याहू ने आगे कहा, हम इजरायल द्वारा निर्धारित सिद्धांतों, जो अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं, के अनुसार युद्ध को समाप्त करने के लिए राष्ट्रपति और उनकी टीम के साथ पूर्ण सहयोग से काम करना जारी रखेंगे।

संयुक्त राष्ट्र ने भी किया हमास के फैसले का स्वागत

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने जानकारी दी कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने हमास द्वारा बातचीत करने की इच्छा व्यक्त करने वाले बयान का स्वागत किया है और इससे उत्साहित हैं। गुटेरेस ने सभी पक्षों से संघर्ष को समाप्त करने के अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया और इस मध्यस्थता कार्य के लिए कतर और मिस्र को उनके अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद दिया।

Also Read: कुशीनगर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कक्षा 8 तक के स्कूल बंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.