Hamirpur News: ऑटो को 2 KM तक घसीटता रहा डंपर, ड्राइवर की दर्दनाक मौत

Hamirpur News: जिले के सुमेरपुर फैक्ट्री एरिया के पास गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार और लापरवाही का आलम यह था कि एक गिट्टी लदे डंपर ने एक ऑटो को ऐसी टक्कर मारी कि वह डंपर के पिछले पहिए में फंस गया। इसके बाद भी डंपर चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और ऑटो को करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता रहा। इस खौफनाक मंजर का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हादसे का शिकार हुए ऑटो ड्राइवर की मौत इतनी दर्दनाक थी कि घसीटे जाने के कारण उसका चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। मौके पर पहुँची पुलिस को शव की शिनाख्त करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, ऑटो में सवार रोहित कुशवाहा और ड्यूटी से घर लौट रहे 50 वर्षीय पैदल यात्री सीताराम भी इस डंपर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

भीड़ से बचने के लिए थाने में ली शरण

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर कबरई से गिट्टी लादकर आ रहा था। टक्कर मारने के बाद जब डंपर चालक ऑटो को घसीटने लगा, तो स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया। खुद को घिरा देख चालक डंपर को सड़क पर ही छोड़कर भाग खड़ा हुआ और अपनी जान बचाने के लिए सीधे सुमेरपुर थाने के अंदर जा घुसा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

हादसे में घायल रोहित और सीताराम को तुरंत सुमेरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Also Read: Varanasi News: नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.