‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद आएगा पार्ट 2, नीम करौली बाबा की कहानी होगी आगे
Hanuman Ansh: फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को दर्शकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म में बड़े स्टार्स या महंगे VFX नहीं हैं। इसके बावजूद कहानी और आस्था से जुड़े विषय ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा।
फिल्म ने हाल में एक दिन में 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। इसका ग्रॉस कलेक्शन जल्द 50 करोड़ रुपये के करीब पहुंचने की उम्मीद है। अगर आने वाले दिनों में भी फिल्म की कमाई जारी रही, तो इसके 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की संभावना जताई जा रही है।
नीम करौली बाबा की कहानी होगी आगे
फिल्म की कहानी संत नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति पर आधारित है। फिल्म का पहला हिस्सा सीक्वल के संकेत के साथ खत्म होता है। अंत में दिए गए संदेश में भी बताया गया है कि बाबा की कहानी अभी पूरी नहीं हुई है।
फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने सीक्वल की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दूसरे पार्ट में नीम करौली बाबा के जन्मस्थान फिरोजाबाद को प्रमुखता दी जाएगी। इसके बाद कहानी में आगरा और मथुरा से जुड़े उनके जीवन के पहलुओं को दिखाया जाएगा।
ट्रिलॉजी बनाने का ऐलान पहले ही
मेकर्स ने 20 फरवरी को ‘हनुमान अंश’ का आधिकारिक ऐलान किया था। उस समय बताया गया था कि यह फिल्म ट्रिलॉजी का हिस्सा होगी। इसकी कहानी ‘डिवाइन डिटूर’ किताब से प्रेरित है।
सीक्वल पर काम शुरू होने की जानकारी सामने आ चुकी है। हालांकि, फिल्म की शूटिंग या रिलीज की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

