हापुड़: पूर्व मंत्री मदन चौहान पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने तानी पिस्टल, किस्मत से बची जान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा नेता और पूर्व मंत्री मदन चौहान पर फॉर्च्यूनर सवार बदमाशों ने जानलेवा हमले का प्रयास किया। यह घटना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरणपुरा में सोमवार रात हुई। गनीमत रही कि बदमाशों द्वारा पिस्टल का ट्रिगर दबाने के बावजूद गोली ‘मिस’ हो गई, जिससे पूर्व मंत्री की जान बाल-बाल बच गई।
सगाई समारोह में जाते समय हुआ हमला
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, मदन चौहान हिरणपुरा गांव में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गांव के पास पहुँचते ही सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार में सवार 3-4 बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। मदन चौहान ने बताया कि बदमाशों ने उनके साथ अभद्रता की और ड्राइवर साइड से उन पर पिस्टल तान दी। बदमाशों ने फायरिंग की पूरी कोशिश की, लेकिन किस्मत के सहारे गोली नहीं चली।
सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी, बदमाश फरार
जैसे ही मदन चौहान के सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, बदमाश अपनी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर में सवार होकर मौके से फरार हो गए। बता दें कि मदन चौहान तीन बार विधायक और सपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं, और वर्तमान में भाजपा में सक्रिय हैं। उन पर पहले भी खनन माफियाओं द्वारा हमले की बात सामने आ चुकी है।
पुलिस की कार्रवाई और एएसपी का बयान
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी हापुड़ विनीत भटनागर ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया “पूर्व मंत्री मदन चौहान पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनके साथ अभद्रता और पिस्टल दिखाकर ट्रिगर दबाने के प्रयास की तहरीर मिली है। मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
Also Read: कुशीनगर: 22 फरवरी को आयोजित होगा मेगा विधिक सहायता शिविर, मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

