Hapur News: व्यापारी से लूट मामले में लापरवाही पर कोतवाली प्रभारी समेत तीन अफसर सस्पेंड

Hapur News: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे एक बार फिर गोलियों की गड़गड़ाहट और लूट की वारदात से दहल उठा। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में स्कूटी सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक चावल व्यापारी के मुनीम को हथियारों के बल पर रोक लिया और नोटों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में 64 लाख रुपये थे। हाईवे पर सरेआम हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया है।

राजस्थान के सीकर निवासी राकेश, जो एक बड़े चावल-धान व्यापारी के यहां मुनीम का काम करते हैं, शनिवार को नकदी लेने हापुड़ आए थे। उन्होंने 64 लाख रुपये लेकर एक बैग में रखे और अपनी बाइक से दिल्ली की ओर रवाना हुए। जैसे ही वह अनवरपुर कट के पास पहुंचे, पीछे से आए तीन स्कूटी सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने तुरंत हथियार निकाल लिए और जान से मारने की धमकी देकर बैग लूट लिया और पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए।

लूट की खबर मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मेरठ रेंज के एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटनास्थल का मुआयना किया। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में डीआईजी ने कड़ा एक्शन लेते हुए पिलखुवा कोतवाली प्रभारी श्योपाल सिंह, एचपीडीए चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार और छिजारसी चौकी प्रभारी महंथराज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है।

बदमाशों की तलाश में 3 जिलों की पुलिस

हाईवे पर लगातार हो रही लूट की वारदातों ने पुलिस की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि कुछ दिन पहले ही इसी हाईवे पर 80 लाख रुपये की लूट हुई थी। अब इस ताजा मामले को सुलझाने के लिए हापुड़ की 8 टीमें और बुलंदशहर की 6 टीमें लगाई गई हैं। जिले की सभी सीमाओं को सील कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान हो सके।

Also Read: Amethi News: श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली भव्य कलश शोभायात्रा, श्रीराम कथा अमृत वर्षा का हुआ शुभारंभ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.